फडणवीस सरकार बनवाएगी आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक
मुंबई : फिल्म छावा की रिलीज के बाद से नागपुर के छत्रपति संभाजीनगर में औरंगजेब की मजार हटाने को लेकर जमकर बवाल मचा था। 17 मार्च बवाल में कई वाहन जलाने के साथ तोड़फोड़ भी की गई थी। हालांकि अब मामले को कंट्रोल कर लिया गया है। इस बीच अब फडणवीस सरकार उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में छत्रपति शिवाजी महाराज का भव्य स्मारक बनाने जा रही है। इस संबंध में महाराष्ट्र सरकार की ओर से शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
पिछले दिनों महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आगरा में आयोजित एक कार्यक्रम में दौरे पर गए थे। यहां फडणवीस ने छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक बनवाने को लेकर पहले ही चर्चा की थी। महाराष्ट्र सरकार स्मारक बनवाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से जमीन अधिगृहीत करने के लिए बात करेगी।
वहीं बनेगा स्मारक जहां बंधक थे शिवाजी
महाराष्ट्र सरकार के मुताबिक औरंगजेब ने आगरा में ही छत्रपति शिवाजी महाराज को बंधक बनाकर रखा था। इस दौरान उन्हें कई प्रताड़नाओं से गुजरना पड़ा था। ऐसे में अब महाराष्ट्र सरकार उसी जगह शिवाजी महाराज का स्मारक बनवाने जा रही है। स्मारक बनवाने का सारा खर्च महाराष्ट्र सरकार ही वहन करेगी।
महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मुगलों की कैद से बच निकले थे छत्रपति
छत्रपति शिवाजी को आगरा में मुगल शासक औरंगजेब ने कैद कर रखा था, लेकिन अपने साहस और चतुराई के चलते वह मुगल सैनिकों की आंख में धूल झोंककर वापस महाराष्ट्र पहुंच गए थे। फडणवीस ने कहा था कि महाराष्ट्र के लोग यहां आते हैं तो उन्हें छत्रपति शिवाजी महाराज की कोई प्रतिमा या स्मारक नहीं देखने को मिलती। उन्होंने कहा था महाराष्ट्र पर्यटन विभाग की ओर से इस स्मारक के निर्माण के लिए धनराशि आवंटित की जाएगी।
नागपुर में औरंगजेब की मजार हटाने को लेकर लगातार विरोध के बाद राजनेताओें की बयानबाजी जारी है। फिल्म को बैन करने से मांग तक कुछ मौलाना और राजनेता कर चुके हैं। नागपुर हिंसा में शामिल आरोपियों के खिलाफ सरकार अब कड़ा एक्शन लेने जा रही है।