धन्यनेश्वरी दुनेदार को सम्मानित करते कलेक्टर (फोटो नवभारत)
Smallest Woman In The World: चंद्रपुर जिले की बेटी धन्यनेश्वरी दुनेदार ने अपनी असाधारण लंबाई के दम पर दुनिया में एक नया इतिहास रच दिया है। मात्र 2.3 फीट लंबी धन्यनेश्वरी का नाम अंतर्राष्ट्रीय रिकॉर्ड बुक में दुनिया की सबसे छोटी महिला के रूप में दर्ज किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे चंद्रपुर जिले के लिए गर्व का विषय है।
सोमवार को चंद्रपुर जिलाधीश ने धन्यनेश्वरी को आधिकारिक प्रमाण पत्र और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में उनके माता-पिता, रिश्तेदार और शुभचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
धन्यनेश्वरी का यह सफर एक संयोग से शुरू हुआ। इस सफलता के पीछे अलंकार सावलकर (मालिक सावलकर मेडिकल्स एंड फार्मास्युटिकल्स) और आम आदमी पार्टी चंद्रपुर महानगर अध्यक्ष योगेश गोखरे का विशेष योगदान रहा। एक दिन सड़क पर इन दोनों की मुलाकात धन्यनेश्वरी से हुई। बातचीत के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि उनकी लंबाई सामान्य से बहुत कम है।
इसके बाद, उन्होंने धन्यनेश्वरी की लंबाई नापी और तय किया कि उनका नाम अंतर्राष्ट्रीय रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया जाए। उनके अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप, धन्यनेश्वरी का नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ।
यह खिताब मिलने के बाद धन्यनेश्वरी दुनेदार ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरी कमज़ोरी मेरी ताकत बन जाएगी।” उन्होंने अलंकार सावलकर और योगेश गोखरे का आभार व्यक्त किया, जिनकी मदद से उन्हें यह खिताब मिला।
यह भी पढ़ें:- गायतोंडे की पेंटिंग ने तोड़े रिकॉर्ड, 67 करोड़ रुपये में हुई नीलाम, भारत की दूसरी सबसे महंगी कलाकृति
धन्यनेश्वरी ने आगे कहा, “मेरे माता-पिता और पूरा परिवार बहुत खुश है। मैं आम आदमी पार्टी, चंद्रपुर द्वारा दिए गए सहयोग और जिलाधीश द्वारा दिए गए सम्मान के लिए दिल से आभारी हूं।”
इस अवसर पर, अलंकार सावलकर, सुनील मुसले, मयूर रायकवार, राजू कुडे, योगेश गोखरे, तब्बूसुम शेख, एकनाथ खांडेकर, बोपचे के साथ-साथ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। धन्यनेश्वरी ने यह साबित कर दिया है कि शारीरिक सीमाएँ कभी भी असाधारण उपलब्धि हासिल करने में बाधा नहीं बन सकतीं।