चाकू-तलवार-रिवॉल्वर से लैस थे आरोपी, कांग्रेस की महिला पार्षदों ने सुनाई आपबीती, सांसद धानोरकर ने साधी चुप्पी

Samruddhi Highway Attack: समृद्धि महामार्ग पर खौफनाक रात। महिला पार्षदों के साथ बदसलूकी और बंदूक की नोक पर धमकी। सांसद धानोरकर की चुप्पी ने बढ़ाया संदेह। वडेट्टीवार का बड़ा आरोप।
Shocking attack on Congress councillors on Samruddhi Highway. Women allege molestation & threats at gunpoint. MP Pratibha Dhanorkar silent amidst heavy backlash.
समृद्धि महामार्ग हमले पर प्रतिभा धानोरकर (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Congress Councillors Abduction: चंद्रपुर मनपा में सत्तास्थापना को लेकर कांग्रेस नेताओं के बीच जारी अंतर्कलह की पृष्ठभूमि पर कांग्रेसी पार्षदों के साथ समृद्धि महामार्ग पर हुई किडनैपिंग के प्रयास और धक्कामुक्की की घटना के बाद से जहां एक ओर कांग्रेसी पार्षदों में भय और दहशत व्याप्त है वहीं दूसरी ओर इस मामले पर कांग्रेस सांसद प्रतिभा धानोरकर ने सियासी मौन धारण कर लिया है।

पार्षदों के साथ की बदसलूकी

कांग्रेस पार्षदों के साथ गुरुवार तड़के समृद्धि महामार्ग पर कुछ हमलावरों द्वारा बदसलूकी किए जाने की जानकारी मिली है। यह सभी पार्षद एक निजी ट्रेवल्स बस से पुणे से चंद्रपुर लौट रहे थे कि, करीब 20 से 25 लोगों ने उनकी बस को रोक लिया। आरोपियों ने बस में प्रवेश कर सभीं लाइट्स बंद किए, बस चालक से चाबी छीन ली। आरोप है कि, कुछ लोगों ने महिला पार्षदों को हिला हिलाकर जगाने का प्रयास किया, उनके साथ छेड़छाड़ भी की। इस घटना की खबर फैलते ही जिले में सर्वत्र घटना की निंदा की जा रही है, इस घटना को लेकर जिले भर में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त हो रही है। जिले की राजनीति में अपराधीकरण की शुरुआत को स्पष्ट करने वाली इस घटना को लेकर कांग्रेस सांसद प्रतिभा धानोरकर आरोपों के घेरे में फंस गई है। बावजूद इसके इस मामले पर उन्होंने अभी तक अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

महिला पार्षदों के वीडिओ वायरल

इस घटना की आपबीती सुनाने वाले महिला पार्षदों के कुछ वीडिओ सोशल मीडिया पर वायरल हुए है। इस वीडिओ के माध्यम से कांग्रेस की महिला पार्षदों ने स्पष्ट किया है कि, इस घटना ने उन्हें भयभीत किया है। इस घटना ने न केवल जिले की शांतिप्रिय परंपरा को ठेस पहुंचाई है, बल्कि इस घटना ने राजनीतिक क्षेत्र में भी गलत संदेश दिया है। बस में सवार महिला पार्षद वनश्री मेश्राम - वरभे ने कहा कि, सुबह 5 बजे जब बस में सवार सभी लोग गहरी नींद में थे, अचानक 10 से 12 नकाबपोश बस में घुस आए, वे कह रहे थे कि,नीचे उतरो, मैडम आपसे बात करना चाहती है। उन्होंने कहा कि, अपनी ही पार्टी के पार्षदों को इस तरह धमकाना, उनके साथ दुर्व्यवहार करना अशोभनीय है।

साबित क्या करना चाहते हैं?

महिला पार्षद चंदा वैरागड़े ने वीडिओ में बताया कि, समृद्धि महामार्ग पर अचानक हुए इस हमले से महामार्ग पर सौभाग्य से बड़ी सड़क दुर्घटना टल गई अन्यथा यहां तेज गति से आने वाली गाड़ियों के टकराने से बड़ा हादसा हो सकता था। क्योंकि हमलावरों के कारण बस अचानक रोकनी पड़ी थी। उन्होंने सवाल उपस्थित करते हुए कहा कि, अपनी ही पार्टी के पार्षदों की जान को जोखिम में डालकर पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता आखिर क्या साबित करना चाहते है।

हमें भी जवाब देना आता है

महिला पार्षद साफिया तवंगर ने बताया कि, हमलावरों ने बस में घुसते ही पहले बस की सभी लाइट्स बंद की, रात के अंधेरे में महिलाओं को हिला हिलाकर जगाया, मैडम आपसे बात करनी है, नीचे उतरो वरना अंजाम बुरा होगा यह कहकर डराया, धमकाया। इस पार्षद ने साफ शब्दों में कहा कि, पार्टी के भीतर इस तरह के लड़ाई झगड़े बंद करो, वरना उन्हें भी इन झगड़ों का जवाब देना आता है।

पार्षद राजेश अडूर ने कहा कि, उस समय बस में कांग्रेस के महिला, पुरुषों समेत 20 पार्षद मौजूद थे। बस में सवार सभीं पार्षदों ने हमलावरों का जमकर विरोध किया, फलस्वरूप हमलावरों को उल्टे पांव लौटना पड़ा। उन्होंने इस मामले की कड़ी जांच कर घटना में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

हमलावरों के पास घातक शस्त्र थे : वडेटटीवार

कांग्रेस नेता तथा विधायक विजय वडेट्टीवार ने इस घटना को लैकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि, समृद्धि महामार्ग पर कांग्रेसी पार्षदों की बस पर धावा बोलने वाले हमलावर चाकू, तलवार और रिवॉल्वर जैसे घातक शस्त्रों से लैस थे। उन्होंने कहा कि, यह हमला किसने करवाया इसकी उन्हें जानकारी नहीं है, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com