चंद्रपुर में माता महाकाली महोत्सव का शुभारंभ, आज इंडियन आइडल फेम सवाई भट्ट देंगे प्रस्तुति

Chandrapur News: चंद्रपुर में नवरात्रि पर माता महाकाली महोत्सव का पांच दिवसीय भक्तिपूर्ण शुभारंभ। पालकी स्थापना के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम पांच दिन चलेंगे।
chandrapur-mata-mahakali-festival Indian Idol fame Sawai Bhatt will perform
माता महाकाली की पालकी के साथ भक्त (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Chandrapur Mata Mahakali Mahoatsav: नवरात्रि के उपलक्ष्य पर चंद्रपुर में आयोजित पांच दिवसीय माता महाकाली महोत्सव का भक्तिपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। माता महाकाली की पालकी और स्थापना के साथ इस महोत्सव का आगाज किया गया। स्थानीय विधायक किशोर जोरगेवार की पहल पर आयोजित इस महोत्सव में पांच दिनों तक विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रहेंगे।

महाकाली माता महोत्सव समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में शनिवार को दिन भर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थापना के बाद, गणमान्य व्यक्तियों द्वारा माता की महाआरती की गई।

शोभायात्रा निकाली

महोत्सव के प्रारंभ में जैन मंदिर से माता महाकाली की पालकी के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस मौके पर राष्ट्रीय ओबीसी आयोग के अध्यक्ष हंसराज अहीर मौजूद रहे। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए महाकाली मंदिर पहुंची। इसके बाद माता महाकाली की प्रतिमा को उत्सव पंडाल में स्थापित किया गया।

अतिथियों द्वारा नवरात्रि उत्सव के दौरान जन्मी कन्याओं को चाँदी के सिक्के प्रदान किए गए। साथ ही, सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

दोपहर को स्कूली विद्यार्थियों द्वारा धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर कन्यापूजन एवं कन्याओं को भोजन कराया गया तथा सुहागिनों को चूड़ियां प्रदान की गईं।

इस अवसर पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष विधायक जोरगेवार, जिलाधिकारी विनय गौड़ा, पुलिस अधीक्षक सुदर्शन मुमक्का, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, तहसीलदार विजय पवार, कल्याणी जोरगेवार, मनीष महाराज, श्याम धोपटे, प्रो. प्रमोद काटकर मौजूद थे।

कार्यक्रम में सुनील महाकाले, राजू शास्त्रकार, अजय वैरागड़े, जयशभरी कापसे, मनीषा पडगिलवार, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुभाष कसानगोट्टुवार, प्रकाश देवतले, आशा महाकाले, पूर्व महापौर राखी कंचरलावर, महिला अघाड़ी अध्यक्ष छब्बू वैरागड़े, अजय जायसवाल, बलराम डोडानी, सविता दंडारे भी शामिल हुए।

'इस परंपरा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है'

महोत्सव के उदघाटन समारोह में विधायक किशोर जोरगेवार ने कहा कि, यह महोत्सव केवल आस्था का महोत्सव न रहकर समाज सेवा का व्रत बन गया है। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों को महत्व देना हमारी संस्कृति है। इस परंपरा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबका सामूहिक कर्तव्य है।

महाकाली महोत्सव में न केवल भक्ति की जाती है, बल्कि समाज हित के कार्य भी किए जाते हैं। बालिकाओं का सम्मान, स्वास्थ्य शिविर, महिलाओं के लिए गतिविधियां, विद्यार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रम ही इस महोत्सव की असली शोभा है। यह महोत्सव अब पूरे देश में पहुंच गया है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यही इस महोत्सव के आयोजन की असली सफलता है।

आज भक्ति गीतों की प्रस्तुति

इस महोत्सव में रविवार को प्रसिद्ध गायक सवाई भाट अपने मधुर भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। प्रातः आरती के बाद, सुबह 11 बजे जागर कविता का महिला कवि सम्मेलन आयोजित किया गया है। दोपहर 1 बजे वरिष्ठ नागरिक संघ द्वारा 999 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया जाएगा।

आज दोपहर 3 बजे स्थानीय कलाकारों द्वारा नृत्य समारोह का कार्यक्रम होगा और शाम 7 बजे इंडियन आइडल के प्रसिद्ध गायक सवाई भट्ट द्वारा भक्ति संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com