सैन्य कार्रवाई में ड्रग लाॅर्ड एल मेंचो की मौत...मेक्सिको में भड़की हिंसा, भारत ने जारी की एडवाइजरी

India Issues Advisory for Mexico: मेक्सिको में एल मेंचो की हत्या के बाद हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए, भारतीय दूतावास ने नागरिकों को सुरक्षित रहने और स्थानीय निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
India Issues Advisory for Mexico
मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mexican Drug Mafia El Mencho Death: मेक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया एल मेंचो को मेक्सिकन सुरक्षा बलों ने एक बड़े अभियान के दौरान मार गिराया। इस कार्रवाई के बाद देश के कई राज्यों में हिंसक विरोध प्रदर्शन भड़क उठे, सड़कें जाम हो गईं और कई जगहों पर आगजनी व आपराधिक घटनाएं सामने आईं। हालात को देखते हुए मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “मेक्सिको में सभी भारतीय नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना: विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा अभियान जारी हैं। इन अभियानों के कारण यातायात प्रभावित है और कुछ स्थानों पर आपराधिक गतिविधियां देखी जा रही हैं। इसलिए जलिस्को स्टेट (प्यूर्टो वालार्टा, चपाला और ग्वाडलहारा), तमाउलिपास स्टेट (रेनोसा और अन्य नगरपालिकाएं), मिचोआकान स्टेट, गुएरेरो स्टेट और न्यूवो लियोन स्टेट में रहने वाले भारतीय नागरिक अगली सूचना तक अपने घरों या सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।”

भारतीय नागरिकों को यात्रा बचने की हिदायत

दूतावास ने आगे निर्देश दिया, “कानून प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई वाले इलाकों में जाने से बचें। अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें, अनावश्यक यात्रा स्थगित करें और भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। ताजा अपडेट के लिए स्थानीय मीडिया और आधिकारिक स्रोतों पर नजर रखें।”

 दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

आपात स्थिति के लिए दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। बयान में कहा गया है, “स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में 911 पर कॉल करें। अपने परिवार और मित्रों को फोन, संदेश या सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी स्थिति से अवगत कराते रहें। आवश्यकता पड़ने पर भारतीय दूतावास से +52 55 4847 7539 पर संपर्क किया जा सकता है।”

अमेरिका ने भी जारी किया अलर्ट

उधर, अमेरिकी विदेश विभाग ने भी अपने नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है। अमेरिका और कनाडा से कॉल करने वालों के लिए 1-888-407-4747 तथा मेक्सिको या अन्य देशों से कॉल करने वालों के लिए +1 202-501-4444 नंबर जारी किए गए हैं।

गौरतलब है कि अमेरिका लंबे समय से मेक्सिको पर ड्रग तस्करी और कार्टेल नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई करने का दबाव बनाता रहा है। हाल के महीनों में इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक चर्चा तेज हुई थी। हालांकि, मेक्सिकन नेतृत्व ने स्पष्ट किया था कि वह किसी भी तरह के अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करेगा। वर्तमान कार्रवाई ने एक बार फिर दोनों देशों के सुरक्षा सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता पर ध्यान केंद्रित कर दिया है। 

एजेंसी इनपुट के साथ- 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com