Maharashtra Ka Mausam: महाराष्ट्र में आज भी कहर बरपाएगी बारिश, 6 जिलोंं में रेड तो 6 में ऑरेंज अलर्ट

Maharashtra Rain: महाराष्ट्र में बारिश का कहर आज भी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के 6 जिलों में रेड तो 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया। किसानों व आम जनता के से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
weather-update
कॉन्सेप्ट फोटो बारिश (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों से बारिश ने हाहाकार मचाया है। मराठवाड़ा और विदर्भ के कई जिलों में बाढ़ के हालात है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार, 28 सितंबर को भी राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पलघर जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

मुंबई और उपनगरों में शनिवार रात से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी शहर और आसपास के इलाकों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। लगातार होने वाली बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय यातायात बाधित होने की संभावना है। बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

6 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने पालघर, मुंबई, ठाणे, रायगड, नासिक और पुणे में भारी बारिश का अनुमान लगाते हुए रविवार को रेड अलर्ट जारी है। इन जिलों में आज मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, कोल्हापुर, सातारा और छत्रपति संभाजीनगर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

विदर्भ और मराठवाड़ा में भी असर

बारिश का असर केवल तटीय जिलों तक सीमित नहीं है। विदर्भ और मराठवाड़ा के कई हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। नागपुर, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर और गड़चिरोली में पिछले तीन दिनों से लगातार बरसात हो रही है। वहीं अमरावती और अकोला जैसे जिलों में भी धुआंधार बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है।

किसानों की चिंता बढ़ी

इस सीजन में पहले ही अनियमित वर्षा से जूझ रहे किसानों की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। खेतों में लगी धान और सब्जियों की फसल पर खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटाई की फसल को तुरंत सुरक्षित स्थान पर रखें और खेतों में जलनिकासी की व्यवस्था करें। वापसी की बारिश के चलते उत्पादन में कमी आने की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन ने जारी किए निर्देश

मौसम विभाग ने साफ कहा है कि तेज बारिश के दौरान नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। इस वजह से प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। हिंगोली, नांदेड़, धाराशिव और लातूर जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। पिछले दिनों कई जगह पुल और सड़कों पर पानी भरने से संपर्क व्यवस्था ठप हो चुकी थी।

नागरिकों के लिए चेतावनी

  • गरज-चमक और बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थान पर न जाएं।
  • पेड़ों, खंभों और पुराने ढांचों से दूर रहें।
  • अनावश्यक यात्रा न करें।
  • प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट और हेल्पलाइन का पालन करें।

अगले 48 घंटे का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे तक तटीय और विदर्भ क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद मौसम में हल्की राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल मुंबई और आसपास के जिलों में बारिश का दौर और तेज हो सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com