Bhandara News: भंडारा में साइबर ठगी का नया खेल, लोगों के खातों में जमा हो रही संदिग्ध रकम

Suspicious Bank Deposit: भंडारा में साइबर ठगों का नया तरीका सामने आया है। लोगों के बैंक खातों में संदिग्ध रकम जमा कर उन्हें कानूनी जांच में फंसाने की कोशिश की जा रही है।
bhandara cyber fraud bank account suspicious money alert
साइबर फ्रॉड- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Bhandara Cyber Fraud: भंडारा जिले में साइबर ठगी का नया तरीका सामने आया है। साइबर अपराधी अब लोगों के बैंक खातों में संदिग्ध रकम जमा कर उन्हें कानूनी जांच के दायरे में लाने की कोशिश कर रहे हैं। राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायतों के बाद कई खाते फ्रीज किए गए हैं। साइबर पुलिस थाना और जिले के विभिन्न पुलिस थानों में अब तक ऐसे 17 मामले दर्ज हो चुके हैं।

करोड़ों रुपये खाते में पहुंचे

भंडारा के बजरंग चौक निवासी प्रिया गणेश सेन के बैंक खाते में साइबर ठगी से जुड़े 2 करोड़ 5 लाख 52 हजार 584 रुपये जमा किए गए, शिकायत मिलने पर तुमसर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। संत लहरी वार्ड निवासी स्पेयर पार्ट्स व्यवसायी ऋषभ राजेंद्र जायसवाल से 'जय लाइट हाउस' कंपनी के कथित प्रतिनिधि कुणाल गुप्ता ने गैस स्पेयर पार्ट्स सस्ते दाम पर देने का झांसा देकर बैंक और यूपीआई के माध्यम से 2 लाख 97 हजार 800 रुपये ठग लिए।

कई खातों में पहुंची संदिग्ध रकम

मोहाड़ी के तिलक वार्ड निवासी शिप्रा फत्तेचंद निनावे के खाते में 30 हजार रुपये, मोहगांव देवी निवासी योगराज गणेश लेंडे के खाते में 93 हजार रुपये तथा नागपुर के कावरापेठ शांतिनगर निवासी राजेश बबनराव वाढीभस्मे के खाते में 18 हजार 100 रुपये संदिग्ध रूप से जमा हुए। सभी मामलों में पुलिस जांच कर रही है। वरठी पुलिस ने शास्त्री वार्ड निवासी अंकुश विष्णुपाल गौर के खिलाफ दस लोगों से 1 लाख 46 हजार 288 रुपये की साइबर ठगी का मामला दर्ज किया है।

भंडारा पुलिस ने जारी की बड़ी चेतावनी

वहीं तुमसर के कला तीर्थराज भोयर के खाते में 6 लाख 92 हजार रुपये तथा अन्य सहयोगियों के खातों में 84 हजार 400 रुपये जमा होने के मामले की भी जांच जारी है। पुलिस ने मामले दर्ज किए हैं। नागरिकों से कहा गया है कि यदि खाते में किसी अज्ञात स्रोत से रकम आए तो उसे खर्च न करें और तुरंत बैंक तथा पुलिस को इसकी सूचना दें।

Navbharat Live
navbharatlive.com