
Security system: आसगांव ग्रामसभा (सोर्सः सोशल मीडिया)
Asgaon Gram Sabha: आसगांव (चौ) ग्राम पंचायत की एक विशेष ग्रामसभा हाल ही में उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। इस ग्रामसभा में गांव के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को बहुमत से पारित किया गया। ग्रामसभा की अध्यक्षता सरपंच वत्सला तिघरे ने की।
इस अवसर पर उपसरपंच सचिन तिघरे, ग्राम अधिकारी अर्पिता नंदेश्वर, ग्राम पंचायत सदस्य शंकर जांभूलकर, पुरुषोत्तम सेलोकर सहित अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे। ग्रामसभा में गांव के भविष्य को नई दिशा देने वाले कुल सात प्रमुख प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और उन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
वाहन गति सीमा का निर्धारण
गांव के आंतरिक मार्गों पर बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के उद्देश्य से वाहनों की गति सीमा 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे निर्धारित की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई किए जाने का संकेत प्रशासन द्वारा दिया गया है।
सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए गांव के प्रमुख चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया है।
नालियों पर ढक्कन लगेंगे
गांव की दोनों ओर नालियों का कार्य पूर्ण करने के बाद, उन पर तत्काल ढक्कन लगाने का निर्णय लिया गया, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
वृक्षारोपण अभियान
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए गांव के नहर क्षेत्र से नदी तक सड़क के दोनों ओर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इससे न केवल पर्यावरण संतुलन बना रहेगा, बल्कि गांव की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
बच्चों के अध्ययन को प्रोत्साहन
बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए ग्रामसभा में एक अनोखी पहल को मंजूरी दी गई। इसके अंतर्गत प्रतिदिन सायंकाल 7 से 9 बजे तक गांव में सायरन बजाया जाएगा, ताकि इस समय बच्चों के अध्ययन पर विशेष ध्यान दिया जा सके।
ये भी पढ़े: BMC चुनाव से पहले BJP का बड़ा एक्शन, मुंबई में 26 कार्यकर्ता 6 साल के लिए निष्कासित
गली और घर क्रमांक का निर्धारण
गांव के सुव्यवस्थित विकास के लिए प्रत्येक गली को गली क्रमांक और प्रत्येक घर को घर क्रमांक देने का निर्णय लिया गया है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में सुविधा और पारदर्शिता आएगी। खेल मैदानों की मरम्मत: युवाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, गांव के खेल मैदान की मरम्मत और सुधार कार्य शीघ्र किए जाएंगे।
स्वच्छता बढ़ावा:
स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए ग्राम पंचायत द्वारा गांव के प्रत्येक चौराहे पर कचरा पेटियां लगाई जाएंगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे कचरा सड़क पर न फेंकें और इसे निर्धारित कचरा पात्रों में डालें। इसके लिए विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इन सभी प्रस्तावों को ग्रामसभा के समक्ष निखिल प्रभाकर तिघरे ने प्रस्तुत किया। ग्रामसभा में लिए गए निर्णयों का पूरे क्षेत्र में स्वागत किया जा रहा है।






