संभाजीनगर: वालुज MIDC में युवक की बेरहमी से हत्या, चाकू से किए कई वार; चार अज्ञात आरोपी फरार

Waluj MIDC Murder: छत्रपति संभाजीनगर के वालुज MIDC में 30 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। चार अज्ञात आरोपियों ने बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया, इलाके में तनाव है।
Chhatrapati Sambhajinagar Crime News
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोेर्स: सोशल मीडिया )
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Crime: छत्रपति संभाजीनगर शहर के वालुज एमआईडीसी परिसर में रविवार रात एक 30 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना था।

चार अज्ञात आरोपियों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। यह घटना रविवार रात करीब 10।40 बजे पंढरपुर से एस क्लब चौक के बीच अब्बास ट्रांसपोर्ट के सामने हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।

हत्या किन कारणों से की गई, इस बारे में पुलिस को अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। मृतक की पहचान अमोल एकनाथ बारे (30, निवासी नायगाव-बकवालनगर) के रूप में हुई है। अमोल खेतिहर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

रविवार रात वालुज एमआईडीसी थाने के अधिकारी और कर्मचारी बंदोबस्त ड्यूटी पूरी कर एक निजी चौपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तिसगांव शिवार क्षेत्र में सड़क किनारे तीन से चार युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दिए।

पुलिस ने जब वाहन रोका, तो आरोपी मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर दो दोपहिया वाहन खड़े मिले, जबकि एक युवक खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे बेहोश पड़ा था। पुलिस ने तुरंत घायल युवक को इलाज के लिए घाटी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शरीर पर चाकू से वार के गहरे निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई।

फोटो से की गई मृतक की पहचान

  • शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। इसके बाद वालुज एमआईडीसी पुलिस ने मृत युवक की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की।
  • इस तस्वीर को नायगाव-बकवाल नगर के जोगेश्वरी गांव के सरपंच रमेश आरगडे ने पहचान लिया और तुरंत पुलिस से संपर्क कर मृतक की जानकारी दी।
  • इस मामले में अंमलदार सैयद चांद सैयद गुलाब की शिकायत पर वालुज एमआईडीसी पुलिस थाने में चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
  • आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। हत्या के पीछे का कारण फिलहाल रहस्य बना हुआ है।
Navbharat Live
navbharatlive.com