आज घर-घर विराजेंगे विघ्नहर्ता, अमरावती में 547, ग्रामीण में 1,417 गणेश मूर्तियों की स्थापना

Amravati News: अमरावती में गणेशोत्सव का आगाज 27 अगस्त से धूमधाम से होगा। शहर में 547 और ग्रामीण भाग में 1,417 गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं।
गणेशोत्सव का आगाज (pic credit; social media)
गणेशोत्सव का आगाज (pic credit; social media)
Published on
Updated on

Maharashtra News: अमरावती में गणेशोत्सव की धूम सोमवार 27 अगस्त से शुरू हो जाएगी। सुबह से ही घर-घर और मंडपों में विघ्नहर्ता गणराया की स्थापना का सिलसिला शुरू हो जाएगा। भक्तों ने प्रतिमाएं बुक कर ली हैं और घरों व मंडलों में सजावट, पूजा-अर्चना और आरती की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

शहर में इस बार कुल 547 गणेश प्रतिमाओं की स्थापना होगी। इनमें से 471 मंडलों को एक खिड़की योजना के तहत ऑनलाइन अनुमति दी गई है, जबकि शेष मंडलों को तुरंत अनुमति लेने के निर्देश दिए गए हैं। बिना अनुमति प्रतिमा स्थापना पर रोक रहेगी। ग्रामीण क्षेत्र में 1,417 सार्वजनिक गणेश मंडलों में प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।

चौराहों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी

उत्सव के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर पुलिस आयुक्तालय की ओर से 3 पुलिस उपायुक्त, 3 सहायक पुलिस आयुक्त, 30 निरीक्षक, 70 उपनिरीक्षक, 1,350 जवान, 500 से अधिक होमगार्ड, एसआरपीएफ कंपनी, क्यूआरटी और आरसीपी दल तैनात किए गए हैं। संवेदनशील चौक-चौराहों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 10 दामिनी पथक और 14 सीआर मोबाइल टीमें भी लगातार गश्त करेंगी।

ग्रामीण क्षेत्र में भी कड़ा बंदोबस्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद के मार्गदर्शन में 31 पुलिस स्टेशनों के अंतर्गत सुरक्षा योजना बनाई गई है। यहां 4 उपविभागीय पुलिस अधिकारी, 24 निरीक्षक, 55 उपनिरीक्षक, 97 सहाय्यक उपनिरीक्षक और 2,254 पुलिस अमलदारों को तैनात किया गया है। संवेदनशील थानों अवलपुर, मोर्शी, कुहीं, खोलापुर और सिरजगांव कसबा में दंगा नियंत्रण पथक तैनात रहेंगे।

सोशल मीडिया पर साइबर पुलिस की विशेष टीम निगरानी रखेगी। आपत्तिजनक गीतों, भड़काऊ पोस्ट और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही शोभायात्रा मार्गों पर सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई है।

पुलिस आयुक्त अरविंद चावरिया ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और सामाजिक एकता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहार भी आपसी सद्भाव और सौहार्द के साथ मनाएं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com