
श्रीचंद तेजवानी, सचिन भेंडे तस्वीर (सोर्स: नवभारत)
Amravati Municipal Corporation: मनपा महापौर तथा उपमहापौर पद के लिए आगामी 6 फरवरी को होने जा रहे चुनाव के लिए भाजपा-राकां तथा युवा स्वाभिमान के बीच युति करने का निर्णय लिया गया। दोनों पदों के लिए सवा-सवा वर्ष का कार्यकाल रखने का निर्णय लिया गया है। इसके मुताबिक भाजपा के पहले महापौर के तौर पर श्रीचंद तेजवानी तथा बाद के सवा वर्ष के कार्यकाल हेतु आशीष अतकरे के नाम की पार्टी ने घोषणा कर दी। उसी तरह उपमहापौर के लिए युवा स्वाभिमान के पहले कार्यकाल के लिए सचिन भेंडे तथा सवा वर्ष के लिए अजय जायस्वाल का नाम तय किया गया है। गत 8 वर्षों के बाद मनपा सभागृह का गठन होने जा रहा है।
मनपा के चुनाव नतीजों के बाद जारी विविध चर्चा को अब विराम लग गया है। घोषित उम्मीदवारों के नामांकन भरे गए। इस समय युति के प्रमुख नेतागण मौजूद रहें। सोमवार सुबह भाजपा के संगठन मंत्री उपेन्द्र कोठेकर, चुनाव निरीक्षक संजय कुटे, विधायक प्रताप अडसड, शहर अध्यक्ष नितिन धांडे की उपस्थिति में कोर कमेटी की मीटिंग हुई। इसमें मनपा के दोनों पदों के लिए सवा-सवा वर्ष का कार्यकाल तय हुआ। इसमें कृष्णा नगर प्रभाग से दूसरी बार विजयी रहे श्रीचंद तेजवानी को प्रथम महापौर देने का तय हुआ।
वही दूसरे सवा वर्ष के लिए रवि नगर प्रभाग से दूसरी बार जीत दर्ज करने वाले आशीष अतकरे का नाम घोषित किया गया। इसी तरह युवा स्वाभिमान पक्ष के उपमहापौर के पहले सवा वर्ष के लिए साईं नगर प्रभाग से चुन कर आए सचिन भेंडे तथा दूसरे कार्यकाल के लिए बडनेरा नई बस्ती प्रभाग से विजयी रहें। अजय जायस्वाल को मौका देने का तय हुआ। मनपा कार्यालय पहुंचकर महापौर के लिए श्रीचंद तेजवानी तथा युवा स्वाभिमान के सचिन भेंडे का नामांकन दाखिल किया गया।
इस समय भाजपा की ओर से विधायक संजय कुटे, शहर अध्यक्ष डॉ। नितिन धांडे, चुनाव प्रभारी जयंत डेहनकर, पूर्व मनपा गुट नेता तुषार भारतीय, मनपा गुट नेता तथा पूर्व महापौर चेतन गावंडे सह अन्य मौजूद थे। राकां की ओर से विधायक सुलभा खोड़के तथा युवा स्वाभिमान की ओर से सुनील राणा व उनके पदाधिकारी उपस्थित थे। मनपा में हुई युति के तहत भाजपा के 25, युवा स्वाभिमान के 15 तथा राकां अजित पवार गुट के 11 पार्षद मिलाकर 51 सदस्यों का मजबूत स्थिति सदन में हो गई है।
घोषित महापौर पद के लिए भाजपा और युवा स्वाभिमान के उम्मीदवार तय किए गए। घोषित पदों में युति का महत्वपूर्ण घटक राकां कही नहीं। राज्य में महायुति के सहयोगी शिंदे सेना के तीन पार्षद किस करवट बैठेगें इसका चित्र स्पष्ट नहीं। अब स्थायी समिति सभापति का पद किसके पास रहेंगा, फिलहाल यह गुलदस्ते में है। इधर कांग्रेस ने विपक्ष में रहकर सशक्त भुमिका निभाने की घोषणा पहले ही कर दी है।
यह भी पढ़ें:- अकोला मनपा में स्वीकृत सदस्य पदों को लेकर सियासी हलचल तेज, पार्टियों में मंथन शुरू
अमरावती चुनाव नतीजों के पूर्व राकां अजित पवार गुट के नेता विधायक संजय खोडके ने स्पष्ट रुप से कहा था कि मनपा में सरकार बनाते समय यदि राणा को साथ में लिया गया तो वह दूरी बनाए रखेंगे। किसी कारण वश 30 जनवरी को होने वाले महापौर चुनाव को एक सप्ताह के लिए आगे ढकेल दिया गया। इस बीच उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की विमान दुर्घटना की पूर्व रात को उनकी मुख्यमंत्री फडणवीस से चर्चा हुई थी। उस समय पवार ने दूसरे दिन सुबह खोडके के साथ चर्चा कर लेने की बात मुख्यमंत्री से कही थी।
लेकिन दुर्भाग्य वश 28 जनवरी बुधवार की सुबह दर्दनाक हादसे में पवार की मौत हो गई थी, जिससे विषय अधर में टल गया था। सोमवार सुबह खोड़के अजित पवार की अस्थिकलश को लेकर शहर में पहुंचे थे। तभी विधायक संजय कुटे उनके निवास स्थान जाकर खोडके से चर्चा की। कुटे ने वहीं से मुख्यमंत्री फडणवीस तथा पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से फोन पर चर्चा करवा दी। उनकी विनंती को मान रखते हुए फिलहाल दुःखद स्थिति में युति करने हेतु मान्य कर लिया। जिससे मनपा में युति को लेकर जारी पेंच का निराकरण हो गया।
महापौर पद के लिए श्रीचंद तेजवानी का नाम सामने आते ही शहर के सिंधी समाज बंधुओं में उत्साह का माहौल देखा गया। वही 8वीं मनपा सदन में पहली बार किसी सिंधी समाज के व्यक्ति को महापौर पद पर बैठने का बहुमान मिलने से समाज द्वारा भाजपा का आभार व्यक्त किया जा रहा है।






