महापौर चुनाव से पहले कांग्रेस का रुख साफ, सत्ता की अटकलों पर लगा विराम, विपक्ष में निभाएगी मजबूत भूमिका

Amravati News: अमरावती में 6 फरवरी को होने वाले महापौर चुनाव में कांग्रेस विपक्ष में बैठेगी। विलास इंगोले गट नेता नियुक्त। भाजपा में महापौर पद हेतु मंथन जारी, अब तक 7 नामांकन पत्र उठाए गए है।
Congress clears its stance ahead of mayoral elections, puts an end to speculation about power; will play a strong role in the opposition
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Amravati Municipal Corporation News: आगामी 6 फरवरी को महापौर तथा उपमहापौर के लिए होने जा रहे चुनाव में जनादेश का सम्मान करते हुए कांग्रेस ने विपक्ष की सशक्त भूमिका निभाने का निर्णय लिया है। अब मनपा में सत्ता के प्रयासों की जारी अटकलों को विराम लग गया है। इससे भाजपा तथा युवा स्वाभिमान युति का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सोमवार को महापौर के लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है, उसके पश्चात कुछ हद तक चित्र स्पष्ट हो जाएगा।

इस बारे में कांग्रेस के अधिकृत सूत्रों ने बताया कि जोड़-तोड़ कर मनपा में सत्ता स्थापित की जा सकती है, लेकिन अन्य पक्षों को साथ में लेने के बाद भी राज्य में महायुति का राज होने से सदन तथा शहर के विकासात्मक कार्यों के लिए आवश्यक निधि लाने में रुकावटें आ सकती थीं।

विकास और नागरिकों को बेवजह तकलीफ न हो, इसलिए कांग्रेस ने विपक्ष में बैठने का निर्णय लिया है। वैसे भी जवाहर गेट प्रभाग से सतत सातवीं बार विजय हासिल करने वाले विलास इंगोले को कांग्रेस ने गट नेता के तौर पर चयन किया है। वे तथा कांग्रेस शहर अध्यक्ष और दूसरी बार विजय होकर सदन में पहुंचे बबलू शेखावत को सदन तथा संगठन का अच्छा अनुभव है। दोनों नेताओं के साथ विजय प्राप्त 15 पार्षदों के सहयोग से एक अच्छी विपक्षी भूमिका निभाई जा सकती है।

मनपा सभागृह में आठ दलों की मौजूदगी

इस बार मनपा सभागृह में 87 सदस्यों के लिए 8 विविध पार्टियों के पार्षद चुनकर आए हैं। इन सभी पार्टियों द्वारा गट नेता की घोषणा हो चुकी है। इसमें भाजपा की ओर से पूर्व महापौर चेतन गावंडे, कांग्रेस से पूर्व महापौर विलास इंगोले, रांका अजीत पवार गुट के पूर्व पार्षद अविनाश मार्डीकर, युवा स्वाभिमान पक्ष से नाना आमले, शिंदे सेना की ओर से पूर्व पार्षद डॉ। राजेंद्र तायडे, उबाठा की रेखा तायवाड़े, एमआईएम के शेख हमीद तथा बसपा की ओर से विद्या माटे का चयन हो चुका है।

भाजपा में महापौर पद को लेकर मंथन

भाजपा ने पूर्व महापौर तथा दूसरी बार विजयी रहे अनुभवी चेतन गावंडे को गट नेता के तौर पर नियुक्त किया है। अब भाजपा महापौर पद के लिए गावंडे की तरह किसी अनुभवी को यह जिम्मेदारी का पद सौंपना चाहती है। इस पर पार्टी में चर्चा जारी है, लेकिन अब तक अधिकृत तौर पर किसी का नाम सामने नहीं आया है। भाजपा में पूर्व पार्षद आशीष अतकरे, मिलिंद बांबल, ऋषिकेश देशमुख सहित अन्य नामों की चर्चा है। पार्टी की कुछ महिला पार्षद भी इसके लिए इच्छुक हैं।

महापौर पद के लिए अब तक 7 लोगों ने उठाए नामांकन पत्र

अमरावती महापौर पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शनिवार तक महापौर पद के लिए कुल 7 उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र उठाए गए हैं।

  • भाजपा: प्रभाग क्रमांक 19 (क) से लता रावसाहेब देशमुख
  • शिवसेना (शिंदे गुट): प्रभाग क्रमांक 7 (क) से स्नेहा आशीष लुल्ला
  • कांग्रेस: प्रभाग 14 क्रमांक (ड) से डॉ. संजय शिरभाते (2 नामांकन)
  • एमआईएम: प्रभाग क्रमांक  15 (ब) से सैय्यद राशद अली सै। शौकत अली और प्रभाग क्रमांक 21 (क) से नजीब खान करीम खान
  • बसपा: प्रभाग क्रमांक  11 (व) से इस्माईल कासम लालुवाले

नामांकन दाखिल होने के बाद महापौर चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com