अमरावती की वृद्ध महिला की हत्या की गुत्थी अब तक अनसुलझी, एलसीबी को भी नहीं मिली सफलता, लूटपाट की आशंका

Amravati Murder Case: शिरखेड थाना क्षेत्र में 78 वर्षीय वृद्ध महिला सुभद्राबाई की हत्या की गुत्थी पांच दिन बाद भी अनसुलझी है, पुलिस को लूटपाट की आशंका है लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
Amravati Crime
gold ornaments robbery (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Amravati Crime: शिरखेड थाना क्षेत्र के शिरजगांव (भीकमराय) खेत शिवार में 6 फरवरी को हुई 78 वर्षीय वृद्ध महिला सुभद्राबाई की हत्या की गुत्थी पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस सुलझा नहीं पाई है। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का मुआयना किए जाने के बावजूद अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद तथा अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत भी घटनास्थल पर पहुंचे थे और जांच के आवश्यक निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद हत्या का खुलासा नहीं हो सका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक वृद्ध महिला सुभद्राबाई का संपत्ति को लेकर किसी प्रकार का पारिवारिक विवाद नहीं था। ग्रामीणों के अनुसार महिला के पास कुल 11 एकड़ कृषि भूमि थी, जिसमें से उन्होंने अपने दोनों बेटों के नाम चार-चार एकड़ जमीन पहले ही कर दी थी, जबकि शेष भूमि का मृत्यु पत्र भी दोनों बेटों के नाम कर दिया गया था। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या संपत्ति विवाद के कारण नहीं, बल्कि लूटपाट के इरादे से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई हो सकती है।

सोने के आभूषण गायब

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृत महिला के पोते कृष्णा विनोद मानेकर ने शिरखेड पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह रोज की तरह दादी को गांव से सटे खेत में छोड़कर आया था। करीब दो घंटे बाद जब वह उन्हें वापस लाने पहुंचा, तो सुभद्राबाई गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके सिर पर गहरे चोट के निशान थे, जबकि गले की सोने की पोत, कानों और नाक के आभूषण गायब पाए गए।

पुलिस जांच जारी

पुलिस जांच में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। शिरखेड पुलिस के साथ-साथ अपराध शाखा (एलसीबी) की कई टीमें भी मामले की जांच में जुटी हुई हैं और क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश की जा रही है। फिलहाल आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपी ने सोने के आभूषण लूटने के उद्देश्य से वृद्ध महिला के सिर पर वार कर हत्या की। हालांकि, घटना को पांच दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Navbharat Live
navbharatlive.com