क्या बांग्लादेश को मिलेगा वर्ल्ड कप रेवेन्यू का हिस्सा? आकाश चोपड़ा के इस बयान से PAK को लग सकती है मिर्ची

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप शुरू होते ही पाकिस्तान ने यू टर्न लेते हुए भारत के खिलाफ खेलने पर सहमति दे दी है। इस पूरे विवाद और फैसले पर आकाश चोपड़ा ने भी बड़ा बयान दिया है।
Akash Chopra statement on Bangladesh Cricket Team
आकाश चोपड़ा ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम पर दिया बड़ा बयान (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Aakash Chopra Statement on Bangladesh Team: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले पाकिस्तान और बांग्लादेश से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया था। इस फैसले के बाद आईसीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। दूसरी ओर पाकिस्तान ने शुरुआत में बांग्लादेश का समर्थन किया और भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बहिष्कार की बात कही। इस कदम ने टूर्नामेंट को लेकर माहौल और ज्यादा गरमा दिया था और क्रिकेट जगत में इस मुद्दे पर काफी चर्चा होने लगी थी।

पाकिस्तान ने लिया यू-टर्न, भारत से खेलने पर सहमति

हालांकि बाद में पाकिस्तान अपने फैसले से पीछे हट गया। पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक टीम ने भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए सहमति दे दी है। पाकिस्तान की ओर से कहा गया कि यह फैसला श्रीलंका और बांग्लादेश की अपील के बाद लिया गया, ताकि टूर्नामेंट की निरंतरता और खेल भावना बनी रहे। पाकिस्तान के इस यू-टर्न के बाद अब चर्चा का केंद्र बांग्लादेश से जुड़े दूसरे सवालों पर आ गया है, जिनमें सबसे बड़ा सवाल रेवेन्यू शेयर को लेकर उठ रहा है।

क्या बांग्लादेश को मिलेगा रेवेन्यू शेयर?

भारत के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने इस पूरे मामले पर अपनी राय रखी है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने आईसीसी की एडवाइजरी और उससे जुड़े पहलुओं को समझाया। आकाश चोपड़ा ने बताया कि आईसीसी द्वारा जारी एडवाइजरी में यह साफ किया गया है कि बांग्लादेश पर किसी तरह का अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने की बात नहीं कही गई है। हालांकि रेवेन्यू शेयर को लेकर आईसीसी की ओर से कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की ओर से यह मांग रखी गई थी कि बांग्लादेश को रेवेन्यू शेयर दिया जाए और उसमें बढ़ोतरी भी की जाए, लेकिन आईसीसी ने इस मुद्दे पर कोई ठोस बयान जारी नहीं किया।

भविष्य के टूर्नामेंट को लेकर भी स्थिति साफ नहीं

आकाश चोपड़ा ने अपने वीडियो में यह भी बताया कि आईसीसी ने संकेत दिया है कि 2031 के वनडे वर्ल्ड कप से पहले होने वाला अंडर-19 वर्ल्ड कप बांग्लादेश में आयोजित किया जा सकता है। हालांकि 2031 का वनडे वर्ल्ड कप बांग्लादेश में ही होगा या नहीं, इस बारे में आईसीसी ने अपनी एडवाइजरी में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।

कुल मिलाकर देखा जाए तो पाकिस्तान के यू-टर्न के बाद भारत-पाकिस्तान मुकाबले का रास्ता साफ हो गया है, लेकिन बांग्लादेश की भूमिका, रेवेन्यू शेयर और भविष्य के टूर्नामेंट को लेकर कई सवाल अभी भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com