ट्रेडिंग में निवेश का दिलाया लालच, 2.58 करोड़ रुपए की ठगी, आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

Stock Market Investment Scam: अकोला साइबर पुलिस ने 2.58 करोड़ रुपये की आर्थिक ठगी मामले में नागपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। अदालत ने दोनों को 27 नवंबर तक पुलिस कस्टडी में भेजा।
ट्रेडिंग में निवेश का दिलाया लालच
ट्रेडिंग में निवेश का दिलाया लालच (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Akola Cyber Police: साइबर पुलिस स्टेशन अकोला ने 2,58,21,000 रुपये की आर्थिक ठगी के मामले में दो आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 मई 2025 को अकोला निवासी अजय देशपांडे ने सिविल लाइन्स पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर उन्हें शेयर मार्केट ट्रेडिंग में निवेश करने पर अधिक लाभ देने का लालच दिया।

शिकायतकर्ता ने विश्वास कर कुल 2.58 करोड़ रुपए निवेश किए। बाद में लाभ संबंधित पूछताछ पर आरोपी टालमटोल जवाब देता रहा और और अधिक निवेश करने का दबाव डालने लगा। तब शिकायतकर्ता को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया।

जांच साइबर पुलिस को सौंपी गई

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जांच साइबर पुलिस स्टेशन को सौंपी गई। डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की जानकारी जुटाई गई। 21 नवंबर 2025 को अकोला पुलिस टीम नागपुर रवाना हुई और स्थानीय पुलिस की सहायता से दो आरोपियों सोनू उर्फ सरिंदर पतले (32) और जैद तनविर खान (21), दोनों निवासी नागपुर को गिरफ्तार किया गया।

27 नवंबर तक पुलिस कस्टडी

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अकोला लाया गया। शनिवार 22 नवंबर को दोनों को अकोला की प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। सरकारी वकील शैलेश साहू की दलीलों के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को 27 नवंबर 2025 तक पुलिस कस्टडी में रखने के आदेश दिए।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अनिल जुमले, सहायक पुलिस निरीक्षक मनीषा तायडे, पुलिस उप निरीक्षक संदीप बालोद, पुलिस हवलदार प्रशांत केदारे, अतुल अजने और तेजस देशमुख की टीम द्वारा की गई।

Navbharat Live
navbharatlive.com