अकोला मनपा चुनाव: 11 निर्णायक सीटों पर सबकी नजर, त्रिकोणीय संघर्ष ने बढ़ाई धड़कनें

Akola News: अकोला मनपा चुनाव में 80 सीटों के लिए मुकाबला तेज है। 11 सीटों पर त्रिकोणीय व सीधी टक्कर सत्ता की दिशा तय करेगी। दलों के साथ उम्मीदवार का जनसंपर्क भी निर्णायक भूमिका में है।
Akola Municipal Election: All Eyes on 11 Decisive Seats as Triangular Contests Heat Up the Political Battle
अकोला मनपा चुनाव (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Akola Municipal Election: अकोला महानगरपालिका की 80 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में राजनीतिक माहौल अब पूरी तरह गरमाया हुआ है। कुछ विशेष प्रभागों में हो रही तीव्र प्रतिस्पर्धा ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इस चुनाव में 10 प्रभागों में केवल तीन ही उम्मीदवार मैदान में होने से वहां प्रमुख दलों के बीच त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिल रहा है, वहीं एक प्रभाग में दो प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के बीच सीधी टक्कर हो रही है।

भाजपा एक बार फिर अपनी सत्ता बचा पाएगी या उसे अन्य दलों की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा, यह इन 11 सीटों के नतीजों पर निर्भर करेगा। संपूर्ण मनपा क्षेत्र को 20 प्रभागों में विभाजित किया गया है, प्रत्येक प्रभाग में चार सीटें हैं,इस प्रकार कुल 80 सीटों के लिए मतदान हो रहा है।

प्रभाग क्रमांक 3-अ में भाजपा, शिवसेना (उबाठा) और वंचित बहुजन आघाड़ी के बीच कांटे की टक्कर है। प्रभाग 4-अ में भी यही तीनों दल आमने-सामने हैं। प्रभाग 5-अ में राजनीतिक पेच और बढ़ गया है, यहां भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट) और शिवसेना (उबाठा) के बीच मुकाबला है, जबकि इसी प्रभाग की एक सीट पर भाजपा और शिवसेना (उबाठा) के बीच सोधी लड़ाई होगी। प्रभाग क्रमांक 7-अ में कांग्रेस, महानगर विकास समिति और वंचित बहुजन आघाड़ी के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। प्रभाग 12-अ में में शिवसेना (शिंदे गुट),भाजपा और कांग्रेस के बीच जोरदार मुकाबला है।

दल के साथ उम्मीदवार की व्यक्तिगत पकड़ भी निर्णायक भूमिका निभा रही है।

  • स्थानीय चुनावों में दल की ताकत के साथ-साथ उम्मीदवार का व्यक्तिगत जनसंपर्क भी निर्णायक होता है। कुछ जगहों पर दल की मजबूत पकड़ है, तो कुछ जगहों पर उम्मीदवार की लोकप्रियता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। कई प्रभाग में उम्मीदवार का स्वकर्तृत्व ही उसके जीत-हार का कारण बनेगा। इसी पृष्ठभूमि में, इन 11 सीटों के नतीजे अकोला मनपा की सत्ता का समीकरण तय करने में निर्णायक साबित होंगे।
  • प्रभाग 13-ब में भाजपा, शिवसेना (उबाठा) और वंचित बहुजन आघाड़ी के बीच संघर्ष है। प्रभाग 15-अ में भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट) और मनसे के बीच त्रिकोणीय लड़ाई है, जबकि इसी प्रभाग की दूसरी सीट पर भाजपा, शिवसेना (उबाठा) और शिवसेना (शिंदे गुट) आमने-सामने हैं। प्रभाग क्रमांक 16-ब में भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के बीच रस्साकशी जारी है। वहीं प्रभाग 20-ब में शिवसेना (उबाठा), भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा।
Navbharat Live
navbharatlive.com