अजित पवार का आज बारामती में अंतिम संस्कार, PM मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी पहुंचेंगे

Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का आज सुबह 11 बजे बारामती के विद्या प्रतिष्ठान में अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार में महाराष्ट्र सरकार का पूरा मंत्रीमंडल शामिल होगा।
Ajit Pawar's funeral will be held today in Baramati; PM Modi and Home Minister Amit Shah will also be present.
अजित पवार
Published on: 
Updated on: 

Ajit Pawar Funeral: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का अंतिम संस्कार आज सुबह 11 बजे बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान में किया जाएगा। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए विद्या प्रतिष्ठान और उनके पैतृक गांव कोटेवाड़ी में रखा जाएगा।

अजित पवार के अंतिम संस्कार में महाराष्ट्र सरकार के पूरे मंत्रिमंडल के शामिल होने की संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बारामती पहुंचेंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पवार का पूरा परिवार भी बारामती पहुंच चुका है।

लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त

बुधवार रात को भी उनका पार्थिव शरीर विद्या प्रतिष्ठान में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। इसके बाद उसे पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।अजित पवार का निधन बुधवार सुबह 8:46 बजे हुआ। वे 66 वर्ष के थे। जानकारी के मुताबिक, बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत कुल 5 लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि पवार 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के सिलसिले में चार रैलियों को संबोधित करने वाले थे। वे सुबह 8:10 बजे मुंबई से रवाना हुए थे। अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है।

AAIB ने हादसे की जांच शुरू की

एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने विमान हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी की एक टीम दिल्ली में विमान की ऑपरेटर कंपनी VSR वेंचर्स के कार्यालय पहुंची है, जबकि दूसरी टीम बारामती में जांच कर रही है।

VSR वेंचर्स के अनुसार, विमान के पायलट सुमित कपूर को करीब 16 हजार घंटे का उड़ान अनुभव था। वहीं को-पायलट शांभवी पाठक के पास लगभग 1500 घंटे का फ्लाइंग एक्सपीरियंस था। कंपनी ने यह भी दावा किया है कि हादसे से पहले विमान में किसी तरह की कोई तकनीकी खराबी नहीं थी।