सागर: कलेक्टर प्रतिभा पाल पहुंचीं देवरी, जनसुनवाई में सुनीं लोगों की समस्याएं; सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश
Deori Jansunwai: सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल का देवरी दौरा, झुनकूं पुल का निरीक्षण कर 'सुमन पंचायत अभियान' की समीक्षा की, जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं और नपा पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन।
- Reported By: सरजू पटेल | Edited By: सजल रघुवंशी
कलेक्टर प्रतिभा पाल जनसुनवाई (सोर्स- सोशल मीडिया)
Collector Pratibha Pal Jansunwai: सागर जिले की कलेक्टर प्रतिभा पाल मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई और विभिन्न विकास कार्यों के निरीक्षण के लिए देवरी पहुंचीं। दौरे की शुरुआत उन्होंने नवनिर्मित झुनकूं पुल के निरीक्षण से की। इसके बाद पुराने थाना परिसर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और मैदानी अमले के साथ बैठक कर “सुमन पंचायत अभियान” की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में कमी लाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संस्थागत प्रसव और नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की सफलता तभी संभव है, जब मैदानी अमला पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।
बैठक के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सुनीं लोगों की समस्याएं
बैठक के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिला स्तरीय जनसुनवाई में लोगों की समस्याएं सुनीं। कई घंटों तक इंतजार कर पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें रखीं, जिनमें सबसे अधिक मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे। अतिक्रमण, सीमांकन और भूमि विवाद जैसी शिकायतों पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सम्बंधित ख़बरें
दिल्ली में राहुल, भोपाल में उमंग, NEET के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर; MP विधानसभा परिसर में दिया धरना
उज्जैन: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, नौकरी का झांसा… फिर अपहरण! 10 लाख की फिरौती लेकर छोड़े जाने का आरोप
संघर्ष से शिखर तक: सागर में क्रिकेटर क्रांति गौंड़ ने सुनाई प्रेरक कहानी, छात्राओं को दिया बड़ा संदेश
सीहोर में बाबरी घाट पर जान जोखिम में डालने को मजबूर ग्रामीण; मियाद खत्म होने के बावजूद नहीं हुआ नया टेंडर
देवरी नगर पालिका के पार्षदों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जनसुनवाई के दौरान देवरी नगर पालिका के पार्षदों ने भी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष के विरुद्ध एफआईआर दर्ज होने के बाद वे लंबे समय से अनुपस्थित हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने कहा कि मामले की जानकारी लेकर संबंधित विभाग से चर्चा की जाएगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में राहुल, भोपाल में उमंग, NEET के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर; MP विधानसभा परिसर में दिया धरना
पत्रकारों से चर्चा में कलेक्टर ने बारिश के दौरान छोटे पुलों और रपटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले स्थानों पर समय रहते बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि रोकी जा सके। कलेक्टर के इस दौरे को जिला प्रशासन सक्रियता और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
