नर्मदापुरम नगर पालिका में 7.78 करोड़ के घोटाले का आरोप, राजस्व वसूली में हेराफेरी, दो कर्मचारियों पर FIR

Narmadapuram News: नर्मदापुरम नगरपालिका में 7.78 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। राजस्व वसूली में हेराफेरी के आरोप में दो कर्मचारियों पर FIR दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Narmadapuram Municipality Scam
नर्मदापुरम नगर पालिका (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Narmadapuram Municipality Scam: नर्मदापुरम नगर पालिका में करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। नगर पालिका के राजस्व विभाग से जुड़े दो कर्मचारियों पर 7.78 करोड़ रुपये की राशि में गड़बड़ी करने का आरोप लगा है। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने देर रात दोनों कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने बताया कि यह मामला कोई छोटी अवधि का नहीं है, बल्कि करीब चार साल से अधिक समय तक चलने वाली प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि 1 अप्रैल 2019 से 23 अगस्त 2023 के बीच राजस्व वसूली के दौरान सरकारी रसीदों में हेराफेरी की गई।

वसूली गई राशि सरकारी खाते में जमा नहीं की

आरोप के मुताबिक, नागरिकों से टैक्स और अन्य मदों में वसूली गई राशि को नगर पालिका के सरकारी खाते में जमा नहीं किया गया और उसमें अनियमितता की गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद जांच प्रक्रिया शुरू हुई और अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने नगर पालिका के राजस्व विभाग में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक (ARI) हरीश गोस्वामी और कंप्यूटर ऑपरेटर भुवन मेहता को आरोपी बनाया है। पुलिस दोनों की भूमिका की जांच कर रही है।

जांच के बाद 2 कर्मचारियों पर FIR दर्ज

कोतवाली थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने बताया कि नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा की ओर से करीब एक साल पहले इस संबंध में शिकायत की गई थी। जांच के बाद मिले तथ्यों के आधार पर दोनों कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब दस्तावेजों, राजस्व रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी। नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने कहा कि यह मामला जनता के पैसे से जुड़ा हुआ है और इसमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि लंबे समय से इस मामले की जांच की मांग की जा रही थी।

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

करोड़ों रुपये की इस कथित गड़बड़ी के सामने आने के बाद नगर पालिका प्रशासन और स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब नर्मदापुरम पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं और राशि के दुरुपयोग की पूरी तस्वीर क्या है।

https://youtu.be/2psYodYKOzA?si=DsUTYbCRgD68DdVV

Navbharat Live
navbharatlive.com