
Madhya Pradesh Top 10 News Navbharat Live: मध्य प्रदेश में मंगलवार का दिन अहम रहा, पुलिस अधिकारियों के तबादले से प्रशासनिक महकमे में हलचल रही, गर्मी में इंदौर की जल समस्या को लेकर सीएम मोहन यादव ने खुद मोर्चा संभाला, सीहोर की वीआईटी यूनिवर्सिटी में देर रात छात्रों ने हंगामा किया और मध्य प्रदेश में बारिश का दौर थमा। यहां पढ़िए प्रदेश की 10 प्रमुख खबरें, विस्तार से।
एमपी में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। गृह विभाग ने सोमवार देर शाम को 26 पुलिस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इनमें आईपीएस के एक अधिकारी और राज्य पुलिस सेवा के 25 अधिकारी शामिल हैं। आदेश के तहत अधिकारियों को उनकी मौजूदा पदस्थापना से हटाकर प्रदेश के अलग अलग जिलों और इकाइयों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मानसून में सामान्य से करीब 40 फीसदी कम बारिश होने के बाद इंदौर में आगामी गर्मी के मौसम में जलसंकट की आशंका बढ़ गई है। गर्मी शुरू होने से पहले ही नगर निगम और राज्य सरकार ने पानी की कमी से निपटने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सीहोर जिले के आष्टा-भोपाल हाईवे पर स्थित वीआईटी यूनिवर्सिटी एक बार फिर छात्रों के भारी विरोध और हंगामे को लेकर सुर्खियों में आ गई है। बीती रात विश्वविद्यालय परिसर के अंदर स्थित ब्लॉक-6 के बाहर अचानक सैकड़ों की संख्या में छात्र इकट्ठा हो गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।
इंदौर शहर के फूटी कोठी चौराहे पर सब्जी मंडी हटाने को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर निगम की कार्रवाई के बावजूद सब्जी और फल विक्रेता अपनी पुरानी जगह छोड़ने को तैयार नहीं हैं। मंगलवार सुबह एक बार फिर विक्रेताओं ने चौराहे के पास टाट-पट्टी बिछाकर दुकानें लगा लीं। वहीं अब स्थानीय रहवासी भी सामने आ गए हैं और चौराहे के पास मंडी दोबारा लगने पर आपत्ति जता रहे हैं।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में आस्था और परंपरा अद्भुत संगम देखने को मिला। जीवाजी गंज में 417 साल वर्षों पुराने ऐतिहासिक और पौराणिक भगवान कार्तिकेय मंदिर के पट कार्तिक पूर्णिमा पर आधी रात करीब 12 बजे खोल दिए गए।
मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर को लेकर इन दिनों एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। दरअसल, मंदिर के प्रति भक्तों की आस्था अब केवल भारत तक सीमित नहीं रही है बल्कि विदेशों में रहने वाले श्रद्धालु भी मंदिर के प्रति आकर्षित हो रहे हैं। मंदिर के पुजारी के मुताबिक, हाल के दिनों में यूरोप, जर्मनी, दुबई और अमेरिका समेत कई देशों से एनआरआई श्रद्धालु और छात्र भगवान के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंच रहे हैं।
सीहोर जिले के अहमदपुर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर सोने चांदी के आभूषण चोरी करने की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 16 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी बरामद की है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत 20 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।
गुना के पीएमश्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैंट में पदस्थ एक शिक्षक पर 12वीं की छात्रा को अश्लील वाट्सएप मैसेज भेजने और अकेले मिलने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा है। छात्रा का आरोप है कि शिक्षक परीक्षा में नंबर काटने की धमकी देकर उसे अपनी बात मानने के लिए मजबूर करता था।
मध्यप्रदेश विधानसभा में 26 नवंबर को पहली बार विशेष रूप से संविधान दिवस उत्सव 2026 आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विधानसभा परिसर के सेंट्रल हॉल में स्थायी संविधान गैलरी का उद्घाटन होगा। गैलरी में संविधान सभा का समूह चित्र और भारतीय संविधान के निर्माण में मध्य प्रदेश से जुड़े योगदानकर्ताओं के चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।
मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान अकवान के कारण हो रही बारिश का दौर अब थम गया है और अब राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में कई शहरों में पारा 10 डिग्री से भी नीचे पहुंचने का अनुमान है। विभाग का कहना है कि आगामी 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है।