

एमपी में सहकारी चुनावों को एक साल आगे बढ़ाने से बढ़ा सियासी पारा।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर साधा निशाना।
38 जिला सहकारी बैंकों में 2013 में हुए थे चुनाव।
MP BJP Government Cooperative Election Decision: मध्य प्रदेश में सहकारी चुनावों को एक साल के लिए आगे बढ़ाने की खबर के बाद कई सवाल खड़े हो गए। दरअसल, मोहन कैबिनेट ने यह फैसला हाल ही में ही लिया है। विपक्षी खेमे में यह चर्चा तेज है कि सरकार जमीनी लेवल के चुनावों से बच रही है और चुनाव से घबराई भारतीय जनता पार्टी अब सहकारी समितियों के चुनाव टालने के रास्ते तलाश रही है।
ऐसे में सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद सत्ता पक्ष को जमीनी स्तर पर झटके की आशंका सता रही है और क्या इसी वजह से छात्र संघ के बाद अब सहकारी चुनावों पर भी ब्रेक लगा दिया गया है।
सहकारी चु्नाव वाले मुद्दे को लेकर मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एमपी सरकार को आड़े हातों लिया है। मंगलवार यानी 24 नवंबर को उमंग सिंघार ने एक्स पर पोस्ट करते हुए सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी का और प्रदेश में जमीनी लोकतंत्र खत्म करने का गंभीर आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने तुरंत इस फैसले को वापस लेने की मांग उठाई।
उमंग सिंघार ने अपने बयान में सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर सरकार किसानों के हित में काम क्यों नहीं करना चाहती है। उनके मुताबिक, कल यानी सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में सहकारी चुनाव न कराने का फैसला लिया गया। जिससे प्रदेश के किसानों में नाराजगी और परेशानी बढ़ गई है क्योंकि सहकारी समितियां और बैंक किसानों को खाद, बीज और ऋण जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की अहम कड़ी हैं।
सहकारी चुनावों के टलने के बाद मध्य प्रदेश की कई और लोकतांत्रिक और जनभागीदारी वाली संस्थाओं में लंबे समय से चुनाव न होने का मुद्दा भी गरमा गया है। जिसके चलते नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों के समय पर होने को लेकर भी संशय जताया जा रहा है।
गौरतलब है कि, मध्य प्रदेश की चार हजार पांच सौ से ज्यादा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों और 38 जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के चुनाव आखिरी बार साल 2013 में कराए गए थे। साल 2018 में कार्यकाल समाप्त होने के बाद विधानसभा चुनाव, किसान कर्जमाफी, लोकसभा चुनाव और कोरोना महामारी जैसे कारणों का हवाला देकर चुनाव टलते रहे जो बीते आठ सालों से प्रशासकों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।
बता दें कि, मंडी समितियों का हाल भी ऐसा ही है। कृषि उपज मंडी समितियों के चुनाव आखिरी बार साल 2012 में हुए थे। कार्यकाल 2017 में पूरा होने के बाद भी 9 साल से मंडियों की कमान निर्वाचित प्रतिनिधियों के बजाया सरकारी प्रशासकों के पास है।
कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में आखिरी बार 2017 में अप्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव हुए थे। कानून-व्यवस्था, महामारी और प्रशासनिक कारणों से यह प्रक्रिया नौ वर्षों से रुकी हुई है, जबकि हाईकोर्ट के हस्तक्षेप और छात्र संगठनों के आंदोलनों के बावजूद चुनाव बहाल नहीं हो सके हैं।
सिंचाई व्यवस्था में किसानों की भागीदारी वाली इन संस्थाओं के चुनाव आखिरी बार 2016 में हुए थे और 2018–19 से प्रक्रिया लंबित है; बीच में कार्यकाल दो से बढ़ाकर पांच वर्ष करने का संशोधन भी हुआ, पर नए चुनाव नहीं हो पाए।