

Highlights:
मध्य प्रदेश में बारिश का दौर खत्म हो गया है और अब बढ़ेगी ठंड।
अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट संभव।
ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग में पड़ेगी ज्यादा ठंड।
कुछ शहरों में 10 डिग्री तक गिर सकता है पारा।
MP Weather Update : मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान अकवान के कारण हो रही बारिश का दौर अब थम गया है और अब राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में कई शहरों में पारा 10 डिग्री से भी नीचे पहुंचने का अनुमान है। विभाग का कहना है कि आगामी 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीती रात प्रदेश 14 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे चला गया। राजधानी भोपाल प्रदेश में सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक ग्वालियर में 12.8, शिवपुरी में 13, दतिया में 13.3 और दमोह में 13.4, रायसेन और रतलाम में 13.5, श्योपुर में 13.6, धार में 14.1, खरगोन में 14.2, गुना और खंडवा में 14.4, उज्जैन में 14.5 और नौगांव में 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। भोपाल मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक इस हफ्ते ठंड रफ्तार पकड़ेगी। इसका सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग में देखने को मिलेगा, जिससे कई शहरों का पारा 10 डिग्री से भी नीचे पहुंच सकता है।
चक्रवात अकवान और ट्रफ की वजह से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में पिछले चार दिनों से बारिश हो रही थी। इसके चलते रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। मौसम में इन बदलावों के कारण मध्य प्रदेश में भी उत्तरी हवाओं का असर बढ़ेगा। अगले चार दिनों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के दूसरे हफ्ते से मध्य प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के कारण पारा तेजी से लुढ़क सकता है। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री दर्ज किया गया था।