इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर सब्जी मंडी का विवाद बरकरार, विक्रेता बोले- दूसरी जगह जाने से छिन सकता है रोजगार

Navbharat Ground Report : इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर सब्जी मंडी शिफ्टिंग का विवाद जारी है। निगम की मुनादी के बाद भी विक्रेताओं ने पुरानी जगह दुकानें लगाईं। रहवासियों ने विरोध जताया।
Footi Kothi Sabzi Mandi Dispute
सब्जी मंडी हटाने को लेकर विवाद ग्राउंड पर पहुंचा नवभारत लाइवफोटो सोर्स - नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • सब्जी मंडी शिफ्टिंग का विवाद जारी, कार्रवाई के बाद भी विक्रेताओं ने पुरानी जगह पर लगाईं दुकानें।

  • विक्रेताओं का कहना दूसरी जगह जाने से प्रभावित होगा रोजगार वहीं ब्रिज के नीचे मंडी लगाने का आश्वासन मिला।

  • रहवासियों ने विरोध जताया जबकि विक्रेताओं के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे।

Indore Footi Kothi Sabzi Mandi Dispute : इंदौर शहर के फूटी कोठी चौराहे पर सब्जी मंडी हटाने को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर निगम की कार्रवाई के बावजूद सब्जी और फल विक्रेता अपनी पुरानी जगह छोड़ने को तैयार नहीं हैं। मंगलवार सुबह एक बार फिर विक्रेताओं ने चौराहे के पास टाट-पट्टी बिछाकर दुकानें लगा लीं। वहीं अब स्थानीय रहवासी भी सामने आ गए हैं और चौराहे के पास मंडी दोबारा लगने पर आपत्ति जता रहे हैं।

नवभारत लाइव की ग्राउंड रिपोर्ट में विक्रेताओं ने कहा कि वे वर्षों से इसी जगह कारोबार कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। दूसरी जगह शिफ्ट होने से उनकी रोजी रोटी प्रभावित हो सकती है।

सालों से यहीं कारोबार, अब दूसरी जगह जाने को तैयार नहीं विक्रेता

मौके पर मौजूद सब्जी और फल विक्रेताओं का कहना है कि वे लंबे समय से फूटी कोठी चौराहे पर दुकानें लगाकर अपना परिवार चला रहे हैं। उनका दावा है कि ब्रिज निर्माण के दौरान महापौर की ओर से ब्रिज के नीचे ही मंडी लगाने की बात कही गई थी। अब उन्हें दूसरी जगह कारोबार करने के लिए कहा जा रहा है। विक्रेताओं का सवाल है कि जब वे वर्षों से इसी स्थान पर कारोबार कर रहे हैं तो उन्हें अचानक यहां से क्यों हटाया जा रहा है।

निगम की मुनादी के बाद भी पुरानी जगह पर लगी दुकानें

नगर निगम की ओर से लगातार मुनादी कराकर विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर दुकानें लगाने की हिदायत दी जा रही है। मंगलवार को भी निगम के वाहन से चौराहे पर मुनादी कराई गई। इसके बावजूद विक्रेता पुरानी जगह पर लौट आए और टाट पट्टी बिछाकर दुकानें लगा लीं। निगम की कार्रवाई और विक्रेताओं के विरोध के चलते मंडी शिफ्टिंग का विवाद लगातार बना हुआ है।

रहवासियों ने भी मंडी शिफ्ट करने की उठाई मांग

मंडी विवाद में अब स्थानीय रहवासी भी अपनी बात रख रहे हैं। उनका कहना है कि चौराहे के पास दोबारा मंडी लगने से आवागमन और स्थानीय व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं। एक ओर विक्रेता अपने रोजगार और पुरानी जगह पर कारोबार जारी रखने की मांग कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर रहवासी चौराहे से मंडी हटाने के पक्ष में हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने दोनों पक्षों की चिंताओं के बीच समाधान निकालने की चुनौती है।

Footi Kothi Sabzi Mandi Dispute
भोपाल: गन्ने का भाव 600 रुपए क्विंटल करने की मांग पर अड़े किसान, CM हाउस की ओर कूच की चेतावनी

चिंटू चौकसे ने विक्रेताओं के समर्थन में खोला मोर्चा

मंगलवार को कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे भी मौके पर पहुंचे और सब्जी विक्रेताओं का समर्थन किया। उन्होंने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि ठेले, गाड़ियां और सामान जब्त किए जाने के बावजूद विक्रेता अपनी पुरानी जगह पर टाट पट्टी बिछाकर कारोबार करेंगे। चौकसे ने कहा कि कांग्रेस विक्रेताओं के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।