मुरैना में बेटे के अपहरण का मास्टरमाइंड निकला पिता, दोस्तों के साथ की रेकी फिर दिया वारदात को अंजाम

Morena Crime News : मुरैना के 3 वर्षीय कार्तिक अपहरण मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पिता ही मास्टरमाइंड निकला। पुलिस उसकी तलाश में राजस्थान और ग्वालियर में दबिश दे रही है।
Morena Kartik Kidnapping Case
बच्चा और आरोपी पिता (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Morena Kartik Kidnapping Case: मुरैना के चर्चित तीन वर्षीय कार्तिक अपहरणकांड में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मासूम का अपहरण किसी बाहरी गैंग ने नहीं, बल्कि उसके पिता नीलेश उर्फ नील खारवाड़ ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर रचा। हालांकि घटना के दूसरे दिन भी कार्तिक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी 26 जून से मुरैना के सांई लॉज में ठहरे हुए थे। इस दौरान उन्होंने बच्चे के स्कूल और घर की कई दिनों तक रेकी की। मंगलवार को रेनबो पब्लिक स्कूल से तीन वर्षीय कार्तिक का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया।

लॉज से मिली जांच की अहम कड़ी

अपहरण में इस्तेमाल की गई स्कूटी धौलपुर सीमा के पास चंबल नदी किनारे लावारिस मिली। जांच में पता चला कि यह स्कूटी सांई लॉज संचालक अमित गुप्ता की थी, जिसे आरोपियों ने जरूरी काम बताकर लिया था। लॉज संचालक के मुताबिक चारों आरोपी कभी खुद को कपड़ा व्यापारी तो कभी गुटखा कारोबारी बताते थे। उनके पास एक महिला भी खाना लेकर आती थी, जिसे वे रिश्तेदार बताते थे।

स्थानीय मदद का भी शक

मुरैना पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों की मदद एक स्थानीय महिला और ग्वालियर के एक युवक ने भी की। अपहरण के समय स्कूटी ग्वालियर निवासी युवक चला रहा था। इसी युवक के मोबाइल से लॉज संचालक को मैसेज भेजकर स्कूटी चंबल पुल के पास खड़ी होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद सभी आरोपियों के मोबाइल बंद हो गए।

पिता पर गहराया शक

जांच में यह भी सामने आया कि अपहरण के समय पिता नीलेश स्कूल के आसपास मौजूद था। पुलिस को आशंका है कि स्कूटी सवारों से बच्चे को लेने के बाद वह किसी अन्य वाहन से फरार हो गया। इसी बीच कार्तिक की मां के पास उसके चाचा ससुर का फोन आया, जिसमें बच्चे के सुरक्षित होने और राजस्थान आने की बात कही गई। इसके बाद पुलिस का संदेह पूरी तरह पिता की ओर केंद्रित हो गया।

राजस्थान और ग्वालियर में दबिश

मुरैना पुलिस की टीमें राजस्थान के पाली जिले के हेमावास गांव और ग्वालियर में लगातार दबिश दे रही हैं। शहर कोतवाली थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि कई अहम सुराग मिले हैं और बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस पिता और उसके साथियों की तलाश पर है।

Navbharat Live
navbharatlive.com