

Mumbai Pune Rail Line Restored: लोनावला-कर्जत घाट सेक्शन में रेल यातायात बहाल करने के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। करीब नौ दिनों के अथक प्रयासों के बाद मध्य रेलवे ने मंगलवार रात दक्षिण-पूर्व डाउन यानी दूसरी रेल लाइन को यातायात के लिए खोल दिया। इस लाइन पर तीन मालगाड़ियों का सफल परीक्षण करने के बाद सीएसएमटी-लातूर एक्सप्रेस पहली यात्री ट्रेन के रूप में रवाना हुई। इसके साथ ही घाट सेक्शन में अब दो रेल लाइनों पर यातायात शुरू हो गया है।
भूस्खलन से थीं प्रभावित वहीं गुरुवार से डेक्कन क्वीन और इंटरसिटी एक्सप्रेस की सेवाएं भी फिर से बहाल कर दी जाएंगी। बता दें कि 6 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के बाद ठाकुरवाड़ी-मंकी हिल और मंकी हिल-खंडाला के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन होने से घाट सेक्शन की तीनों रेल लाइनें बंद हो गई थीं। इसके बाद 7 जुलाई को मध्य लाइन पर यातायात शुरू कर दिया
गया था। अब दूसरी लाइन भी चालू होने से रेल परिचालन को बड़ी राहत मिली है। हालांकि अप यानी तीसरी लाइन पर मरम्मत कार्य अभी जारी है। इस लाइन के शुरू होने के बाद ही घाट सेक्शन में रेल यातायात पूरी क्षमता से संचालित हो सकेगा।
तीसरी लाइन बहाल करने के लिए 1,200 से अधिक कर्मचारी पिछले दस दिनों से लगातार काम में जुटे हैं। मलबा हटाने, पटरियों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए बोल्डर स्पेशल ट्रेन, यूनिमैट, डुओमैटिक मशीन, पोकलेन और जेसीबी जैसी भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। कर्मचारियों की आवाजाही के लिए लेबर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है।
दूसरी रेल लाइन शुरू होने के बाद मध्य रेलवे ने गुरुवार से डेक्कन क्वीन और इंटरसिटी एक्सप्रेस की सेवाएं भी फिर से बहाल करने का निर्णय लिया है। इससे मुंबई और पुणे के बीच रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और ट्रेनों की समयबद्धता में भी सुधार आने की उम्मीद है।
हालांकि अप दिशा की लोनावला-कर्जत घाट में तीसरी रेल लाइन पर अभी भी मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम जारी है। इस लाइन के चालू होने के बाद ही घाट सेक्शन में रेल यातायात पूरी क्षमता से संचालित किया जा सकेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तीसरी लाइन को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।