

Kandivali MurderCrime Patrol: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के कांदिवली इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मर्डर केस सामने आया है। यहां एक 22 साल के सिरफिरे युवक ने प्रेम प्रसंग और शादी के विवाद में अपनी ही 17 साल की नाबालिग गर्लफ्रेंड की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात कांदिवली ईस्ट स्थित समता नगर पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत आने वाले दामू नगर के घने जंगलों में अंजाम दी गई।
पुलिस को जंगल से एक अज्ञात नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ था, जिसकी शिनाख्त सिद्धि विश्वकर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज डेढ़ घंटे के भीतर मृतका की पहचान कर मुख्य आरोपी सूरज वाघमारे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच और पूछताछ में जो चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, उसने सभी को हैरान कर दिया है। आरोपी सूरज वाघमारे (22) ने टीवी शो 'क्राइम पेट्रोल' को देखकर इस पूरी हत्या की साजिश रची थी। आरोपी ने शो के एपिसोड्स से यह सीखा कि किसी की हत्या कैसे की जाती है और वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए सबूतों को कैसे पूरी तरह मिटाया जाता है।
तय साजिश के मुताबिक, आरोपी बॉयफ्रेंड ने सिद्धि को कांदिवली ईस्ट के दामू नगर इलाके के सुनसान जंगल में मिलने के लिए बुलाया। वहां उसने लड़की को सरप्राइज और एक 'यूनिक गिफ्ट' देने का झांसा दिया। आरोपी की बातों में आकर जैसे ही नाबालिग लड़की ने अपनी आंखें बंद की और आंखों पर पट्टी बंधवाई, सूरज ने तुरंत जेब से तेज धारदार चाकू निकाला और बेरहमी से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद उसने शव को जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया और सबूत मिटाकर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि मृतका सिद्धि और आरोपी सूरज वाघमारे की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले कांदिवली के ही एक स्थानीय गणपति पंडाल (मंडल) में हुई थी, जहां दोनों गणपति दर्शन के लिए गए थे। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और वे पिछले 18 महीनों से एक-दूसरे के साथ लव रिलेशनशिप में थे।
सूरज लगातार नाबालिग लड़की पर शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन लड़की ने अभी शादी करने से साफ इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे थे। शादी से मना करने पर आरोपी सूरज के सिर पर खून सवार हो गया और उसने टेलीविजन पर क्राइम शो देखकर अपनी ही प्रेमिका को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।
इस नृशंस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के कर्मचारी दामू नगर के जंगल में नियमित पेट्रोलिंग कर रहे थे। पेट्रोलिंग के दौरान वनकर्मियों ने झाड़ियों में एक लावारिस शव देखा, जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत समता नगर पुलिस स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही समता नगर पुलिस की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तुरंत पंचनामा किया और ऑटोप्सी (पोस्टमार्टम) के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया। इसके बाद एक्टिव हुई पुलिस टीम ने जाल बिछाया और तकनीकी सर्विलांस की मदद से महज डेढ़ घंटे के भीतर मृतका की पहचान सुनिश्चित कर आरोपी सूरज वाघमारे को उसके ठिकाने से धर दबोचा। फिलहाल आरोपी पुलिस की रिमांड में है और पुलिस इस मामले में हत्या के हथियारों की बरामदगी समेत आगे की तफ्तीश कर रही है।