
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी (सौ. सोशल मीडिया)
State Congress President Jitu Patwari: मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में क्रिकेट मैच खेलने के लिए आई ऑस्ट्रेलिया टीम की महिला खिलाड़ी के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना की कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने निंदा की है और उन्होंने इसे राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था का नमूना भी बताया है।
दरअसल, इंदौर में आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 में भाग लेने आई ऑस्ट्रेलिया टीम की महिला खिलाड़ी के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई। इस घटना के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि इस घटना में एक मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्ति ने खिलाड़ियों का पीछा किया और एक महिला क्रिकेटर के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की, जो न सिर्फ व्यक्तिगत अपमान है बल्कि पूरे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर करारा प्रहार है। यह घटना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश और भारत की छवि को धूमिल करने वाली है, खासकर जब विश्व कप जैसे वैश्विक आयोजन के दौरान ऐसी लापरवाही हो रही हो।
जीतू पटवारी ने आगे कहा कि जो घटना हुई है, वह हम सभी के लिए शर्मनाक है। मध्य प्रदेश में अब कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। मुख्यमंत्री को इस घटना का संज्ञान लेना चाहिए, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और दोषियों को दंडित करना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पहली घटना नहीं है। राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार की उदासीनता के कारण अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। इंदौर जैसे बड़े शहर में, जहां पर्यटकों और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की आवाजाही अधिक होती है, पुलिस की निगरानी और पेट्रोलिंग की कमी ने इस तरह की घटनाओं को जन्म दिया है।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की है कि एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करें, जिसमें स्थानीय पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो। साथ ही, उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा के लिए पुलिस बल को प्रशिक्षित करे और रात्रिकालीन गश्त को मजबूत करे। यह केवल एक घटना नहीं, बल्कि सिस्टम की नाकामी का प्रतीक है।
ये भी पढ़ें : विदेशी महिला क्रिकेटरों से की थी ‘गंदी हरकत’…इंदौर पुलिस ने की अकील खान की कुटाई, हड्डी-पसली टूटी
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इस घटना को राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था का आईना बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में अपराध दर में वृद्धि हुई है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं पर अत्याचार के मामले दोगुने हो चुके हैं, लेकिन दोषसिद्धि दर न्यूनतम है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)






