बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य (सोर्स- सोशल मीडिया)
Pannalal Shakya: मध्य प्रदेश के गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि नेपाल, श्रीलंका, पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे हालात अब भारत में भी हो सकते हैं।
शाक्य ने कहा कि देश के अंदर गृहयुद्ध जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। इसलिए 18 से 30 साल के युवाओं को अनिवार्य सैन्य प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। विधायक पन्नालाल शाक्य राज्य स्तरीय जूडो और बॉक्सिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। इसी दौरान बोलते हुए उन्होंने यह बयान दिया।
विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि लंका में आग लग गई, बांग्लादेश में तख्तापलट हो गया, अफगानिस्तान के हालात खराब हैं, पाकिस्तान में आतंकवाद पनप रहा है और हाल ही में नेपाल भी बर्बाद हो गया। अब सबकी निगाहें भारत पर हैं। अगर हम युवाओं को तैयार नहीं करेंगे तो हमारे देश में भी गृहयुद्ध छिड़ सकता है।
विधायक ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि उनका लिखित प्रस्ताव दिल्ली भेजा जाए। गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय को बताया जाए कि युवाओं का सैन्य प्रशिक्षण तुरंत शुरू किया जाए। इसे जल्द से जल्द शुरू करना जरूरी है। आइए कल्पना करें कि कल अगर हमारे देश में ऐसा कुछ हुआ, तो कौन-कौन सामने आएगा।
उन्होंने पूरे विश्वास के साथ कहा कि ऐसा होगा और जरूर होगा, क्योंकि मैं भी इसे देख सकता हूं। यकीन मानिए कि ऐसा कुछ होने वाला है। मैं जिला अधिकारी से हाथ जोड़कर विनती करता हूं कि सावधान रहें। वरना जितने स्कूटी लेकर गए हैं यहां से कोई उन्हें दो थप्पड़ लगाएगा और स्कूटी छुड़ा ले जाएगा।
यह भी पढ़ें: सुप्रीम अदालत में हुआ नेपाल हिंसा का जिक्र, CJI गवई बोले- संविधान पर गर्व, जानें क्यों कही ये बात?
विधायक शाक्य ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय में 12 हज़ार छात्र और 1200 शिक्षक थे, लेकिन सिर्फ 11 लोगों ने उसे जला दिया। पुस्तकालय छह महीने तक जलता रहा और कोई उसे बचाने नहीं आया। इसी तरह सोमनाथ मंदिर में भी आग लगा दी गई। वहां बहुत से लोग थे, लेकिन वे सोचते रहे कि भगवान भोलेनाथ अपना त्रिशूल निकालेंगे और राक्षस का वध करेंगे। इस पर विश्वास मत करो।