आंधी-तूफान के साथ 6 राज्यों में बारिश (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में आज गर्मी दिन-ब-दिन बढ़ रही है। आज दिन में तापमान करीब 42 डिग्री तक पहुंच सकता है और रात में 25 डिग्री के आस-पास रहेगा। सुबह से ही तेज धूप निकल आई है। दोपहर के बाद आसमान में थोड़े बादल आ सकते हैं और धूलभरी हवाएं भी चलने के आसार हैं। दिल्ली की हवा अब भी खराब बनी हुई है, इसलिए बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को बाहर निकलते वक्त सावधानी बरतनी चाहिए। फिलहाल मौसम विभाग ने लू को लेकर कोई चेतावनी नहीं दी है, लेकिन गर्मी से बचाव की सलाह जरूर दी गई है।
पूर्वोत्तर भारत में इस सप्ताह भारी बारिश का अनुमान है। असम और मेघालय में आज मूसलधार बारिश हो सकती है। IMD ने चेतावनी जारी की है कि इन इलाकों में कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
देश के बाकी हिस्सों में भी मौसम ने करवट ली है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में आज तेज बारिश और आंधी आ सकती है। दक्षिण भारत में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के संकेत हैं, जैसे कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु। राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में तापमान 44 डिग्री तक जा सकता है और लू चलने का खतरा है। उधर बिहार और झारखंड के कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी हुई है।
पिछले सप्ताह राजस्थान में लू का जबरदस्त असर देखा गया था, जहां तापमान 45°C से 46°C तक पहुंच गया था। हालांकि, पर्वतीय इलाकों में हुई बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान कुछ समय के लिए कम हो गया था। लेकिन अब एक बार फिर तापमान के तेजी से बढ़ने के आसार हैं, जिससे पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में लू की स्थिति बन सकती है। पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में तो गंभीर लू चलने की भी संभावना है।
बाड़मेर में तापमान 46.1 डिग्री तक पहुंच गया। पश्चिमी विक्षोभ अब पहाड़ों से आगे बढ़कर पूर्व की ओर जाएगा। इसके साथ ही निचले स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण पाकिस्तान के मध्य हिस्से और पश्चिमी राजस्थान के पास बन रहा है। इसके चलते दक्षिण-पश्चिमी हवाएं पाकिस्तान से राजस्थान और गुजरात की ओर आएंगी।
मौसम से संबंधित सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
मध्य प्रदेश की बात करें तो कुछ हिस्सों में सोमवार को 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे धूलभरी आंधी का खतरा बना हुआ है। राजधानी भोपाल में आज का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इंदौर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में यह 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 27 से 30 अप्रैल तक पटना, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार में बारिश की पूरी संभावना बनी हुई है।
झारखंड में अधिकतम तापमान में 7 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार शाम से चल रही तेज हवाओं की वजह से गर्मी का असर कम हो गया है और मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना जताई थी और लोगों को ठंडक का एहसास कराया है।
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में आगामी तीन दिनों तक गर्मी और तेज होगी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में बदलाव होगा, और 30 अप्रैल को राज्य के कुछ जगह बारिश होने की संभावना है। बता दें कि मौसम में यह बदलाव 1 और 2 मई तक भी प्रभावी रह सकता है।