तिरुपति: नशे में मंदिर के शिखर पर चढ़कर शराब मांगने लगा शख्स, 3 घंटे की मशक्कत के बाद उतरा नीचे

Tirupati News: तिरुपति में एक शख्स शराब के नशे में चूर होकर श्री गोविंदराजस्वामी मंदिर के शिखर पर चढ़ गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नीचे उतारा गया।
Tirupati: Man climbs onto the temple's spire while intoxicated
तिरुपति: नशे में मंदिर के शिखर पर चढ़ा शख्स (Image- Social Media)
Published on: 
Updated on: 

Sri Govindarajaswamy Temple: आंध्र प्रदेश के तिरुपति शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां स्थित प्रसिद्ध श्री गोविंदराजस्वामी मंदिर में एक युवक गोपुरम के शिखर पर चढ़ गया, जिससे कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मंदिर बंद होने के थोड़ी ही देर बाद युवक अंदर घुस गया और वह शराब के नशे में था। टीटीडी के विजिलेंस विभाग को जानकारी मिलने से पहले ही वह व्यक्ति मुख्य गोपुरम के शिखर पर पहुंच गया। वहां चढ़कर उसने शिखर पर लगे कलश को हटाने की कोशिश की।

दीवार फांदकर अंदर घुसा युवक

विजिलेंस कर्मियों को भनक लगने से पहले ही वह मंदिर की दीवार कूदकर भीतर चला गया। आरोपी की पहचान कुट्टाडी तिरुपति के रूप में हुई है, जो कुर्मा वाडा, पेद्दामल्ला रेड्डी कॉलोनी, निजामाबाद (तेलंगाना) का निवासी है। तिरुपति ईस्ट पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीम को युवक को गोपुरम से नीचे उतारने में करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत करनी पड़ी। जब पुलिसकर्मी लोहे की सीढ़ियों की मदद से शिखर तक पहुंचे और उसे समझाने लगे, तो युवक ने शर्त रख दी कि अगर उसे शराब की एक क्वार्टर बोतल दी जाएगी, तभी वह नीचे उतरेगा। पुलिस ने नीचे आने पर शराब दिलाने का बहाना देकर उसे सुरक्षित उतारा और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

नीचे उतरने के लिए की शराब की मांग

तिरुपति ईस्ट के डीएसपी एम. भक्तवत्सलम नायडू ने बताया कि श्री गोविंदराजस्वामी मंदिर में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने हंगामा कर दिया। वह सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ था। जैसे ही उसने दीवार पर चढ़ने की कोशिश की, सतर्कता दल की नजर उस पर पड़ गई। मंदिर के भीतर उसने गोपुरम पर चढ़कर कलशों तक पहुंचने का प्रयास किया।

उस व्यक्ति की पहचान कुट्टाडी तिरुपति (45) के तौर पर हुई है, जो तेलंगाना के निजामाबाद जिले के कुर्मावाड़ा स्थित पेद्दामल्ला रेड्डी कॉलोनी का रहने वाला है। उसने एक क्वार्टर शराब की मांग की और कहा कि शराब मिलने के बाद ही वह नीचे उतरेगा। मांग पूरी करने का भरोसा दिए जाने के बाद उसे नीचे उतारा गया और तिरुपति पूर्व पुलिस थाने ले जाया गया। मामले की आगे जांच जारी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com