जबलपुर में जैन समाज पर अभद्र टिप्पणी के बाद भारी बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज; 2 गिरफ्तार

Jain Community Protest: जबलपुर के कमानिया गेट पर एक होटल में जैन समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और मारपीट के बाद दो पक्ष भिड़ गए, जिसे शांत कराने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
jabalpur lathicharge after protest
जबलपुर में देर रात बवाल, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Lathicharge in Jabalpur: मध्य प्रदेश के जबलपुर में शुक्रवार देर रात सांप्रदायिक तनाव का माहौल बन गया। प्रसिद्ध बड़कुल होटल के पास एक ग्राहक के साथ विवाद के दौरान समाज विशेष पर अभद्र टिप्पणी के आरोपों ने उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद पुलिस को बल प्रयोग कर स्थिति संभालनी पड़ी।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कमानिया गेट स्थित प्रसिद्ध बड़कुल स्वीट/होटल की है। जानकारी के मुताबिक, राजकुमार जैन नामक व्यक्ति दुकान पर कुछ सामान लेने गए थे, जहाँ होटल के कर्मचारियों के साथ उनकी बहस हो गई। राजकुमार जैन का आरोप है कि विवाद के दौरान न केवल उनके साथ गाली-गलौज की गई, बल्कि जैन समाज के आराध्य भगवान को लेकर भी कथित तौर पर अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। मामला तब और बिगड़ गया जब दूसरे पक्ष के दो लोग बेसबॉल के डंडे लेकर आए और मारपीट शुरू कर दी।

उग्र विरोध प्रदर्शन और पुलिस का हस्तक्षेप

अपमानजनक टिप्पणी की खबर जबलपुर में फैलते ही बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग और स्थानीय व्यापारी मौके पर इकट्ठा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने होटल के बाहर जमकर नारेबाजी की और मांग की कि अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपियों को तुरंत उनके हवाले किया जाए। पुलिस को आशंका थी कि यदि वे समय पर हस्तक्षेप न करते तो स्थिति 'मॉब लिंचिंग' तक पहुँच सकती थी। हालांकि, जब भीड़ बेकाबू होने लगी और एक युवक के साथ मारपीट शुरू हुई, तो पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

कानूनी कार्रवाई और वर्तमान स्थिति

एडिशनल एसपी (सिटी) आयुष गुप्ता ने पुष्टि की है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना आवश्यक हो गया था। इस हंगामे के दौरान एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर अनिल गौर और कुछ प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने राजकुमार जैन की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। वर्तमान में इलाके में 10 से अधिक थानों का पुलिस बल तैनात है और सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अफवाह से माहौल न बिगड़े। वहीं, जैन समाज ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com