हीटवेव का अलर्ट, फोटो - सोशल मीडिया
नई दिल्ली : देशभर में गर्मी ने दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल के पहले और दूसरे सप्ताह में कम से कम 10 राज्यों में लू यानी हीटेवव और भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। खासतौर पर उत्तर भारत, पश्चिम भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा।
IMD के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत, महाराष्ट्र और दक्षिण प्रायद्वीपीय पठार में अगले 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इसके बाद तापमान में मामूली गिरावट की संभावना भी जताई गई है। मध्य भारत में भी तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके साथ ही गुजरात में अगले दो दिनों तक तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग की माने तो, 10 अप्रैल तक गुजरात के कुछ हिस्सों में हीटवेव का असर रहेगा। खासकर सौराष्ट्र और कच्छ के इलाकों में 7 अप्रैल तक भीषण लू चलने की संभावना है। राजस्थान में 10 अप्रैल तक लू की चेतावनी जारी की गई है, जबकि 7 से 9 अप्रैल तक भीषण लू के हालात बन सकते हैं।
इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश में 7 अप्रैल को, पंजाब में 7 से 10 अप्रैल, हरियाणा और चंडीगढ़ में 10 अप्रैल तक, दिल्ली में 7 और 8 अप्रैल को, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 से 9 अप्रैल, और मध्य प्रदेश में 8 से 10 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है।
हालांकि, कुछ राज्यों को राहत भी मिल सकती है। मौसम विभाग ने पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में 7 से 10 अप्रैल के बीच हल्की बारिश की संभावना जताई है। केरल और माहे में 7 अप्रैल तक, कर्नाटक में 8 अप्रैल तक छिटपुट बारिश हो सकती है। बिहार में 9 अप्रैल को ओलावृष्टि के आसार हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 9 और 10 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में अप्रैल से जून तक सामान्य से अधिक तापमान दर्ज होने की संभावना है। IMD के वरिष्ठ अधिकारी अतुल कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इन महीनों में दिन का अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रह सकता है।
देश की अन्य खबरों से अपटूडेट होने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
रात के तापमान में भी असामान्य बढ़ोतरी हो सकती है। विशेष रूप से बुंदेलखंड क्षेत्र, जिसमें झांसी और चित्रकूटधाम मंडल शामिल हैं, भीषण गर्मी का केंद्र बन सकता है। इसके अलावा, राजस्थान सीमा से सटे पश्चिमी यूपी के जिलों में भी तेज गर्मी का प्रकोप रहेगा।