फाइनल में हराकर पाकिस्तान के खिलाफ बनाया एक और रिकॉर्ड, पांचवीं बार भारत शानदार जीत

INDIA vs PAKISTAN: भारत ने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर रिकॉर्ड 9वीं बार खिताब जीता। तिलक वर्मा की शानदार अर्धशतकीय पारी जीत का आधार बनी।
TILAK VARMA
Updated on

INDIA vs PAKISTAN in FINAL: भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपने चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। दुबई में खेले गए इस रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड 9वीं बार एशिया कप का ताज पहना और पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पांचवीं खिताबी जीत दर्ज की।

मैच के हीरो रहे युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा, जिन्होंने दबाव भरे हालात में शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को जीत की राह पर अग्रसर किया। उनकी संयमित और आक्रामक पारी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।

भारत ने इन अहम मुकाबले में पाकिस्तान को हराया

भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबले हमेशा से क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास रहे हैं। इस जीत ने एक बार फिर भारतीय टीम की मानसिक दृढ़ता और रणनीतिक कौशल को साबित किया। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान को कई अहम फाइनल मुकाबलों में हराया है:--

  • 1984/85 में मेलबर्न में बेन्सन एंड हेजेस कप के फाइनल में 8 विकेट से जीत
  • 1997/98 में ढाका में इंडिपेंडेंस कप (बेस्ट ऑफ़ थ्री) के दो फाइनल में क्रमशः 8 विकेट और 3 विकेट से जीत
  • 2007 में जोहान्सबर्ग में टी20 विश्व कप के फाइनल में 5 रन से रोमांचक जीत
  • 2025 में दुबई में एशिया कप के फाइनल में 5 विकेट से जीत

लक्ष्य का पीछा करते जीती टीम इंडिया

147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही थी। भारत ने 20 के स्कोर पर अपने तीन शीर्ष के बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा 5, शुभमन गिल 12 और कप्तान सूर्यकुमार यादव 1 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने भारत को मुश्किल समय से निकाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की।

इसके बाद तिलक वर्मा का साथ शिवम दुबे ने निभाया। दोनों ने 5वें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की और स्कोर को 137 तक पहुंचाया। शिवम 22 गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तिलक ने रिंकू के साथ मिलकर भारत को जीत दिला दी। भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट पर 150 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीता।

Navbharat Live
navbharatlive.com