हिमंता बिस्वा सरमा, फोटो - सोशल मीडिया
नवभारत डिजिटल डेस्क : भारत में सभी राज्यों की अपनी राजधानी है, जहां से पूरे राज्य का काम चलता है और लोगों के लिए नीतियां तैयार की जाती हैं। हालांकि, इनमें कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जिनकी एक नहीं बल्कि दो राजधानियां हैं। अब इस लिस्ट में असम का नाम भी जुड़ने जा रहा है।
असम के सीएम हिम्मत बिस्वा सरमा ने ऐलान किया है कि अब डिब्रूगढ़ को भी असम की राजधानी बनाया जाएगा। फिलहाल, असम की राजधानी दिसपुर है। जिसके बाद आने वाले कुछ महीनों में डिब्रूगढ़ को दूसरी राजधानी के तौर पर विकसित किया जाएगा। ऐसे में इससे पहले हम आपको बताते हैं कि देश के किन राज्यों की दो राजधानियां हैं।
असम से पहले देश के कई राज्यों ने दो राजधानियां बनाई हैं, आमतौर पर राज्य सरकारें ऐसा इसलिए करती हैं क्योंकि उन्हें उस खास जगह या जिले का विकास भी करना होता है। राजधानी बनने के बाद उस जगह पर कई तरह के काम शुरू हो जाते हैं और लोगों को इसका फायदा भी मिलता है।
हिमाचल प्रदेश – हिमाचल प्रदेश की भी दो राजधानियां हैं, हिमाचल की राजधानी शिमला है। लेकिन धर्मशाला को शीतकालीन राजधानी बनाया गया है। यानी इस पहाड़ी राज्य की भी दो राजधानियां हैं। दो राजधानियाँ बनाने की वजह यह थी कि शिमला में सर्दियों में भारी बर्फबारी होती है, ऐसे में रास्ते भी बंद हो जाते हैं। इसीलिए इस दौरान धर्मशाला को राजधानी बनाया जाता है।
उत्तराखंड – हिमाचल प्रदेश की तरह उत्तराखंड भी एक पहाड़ी राज्य है, जिसकी दो राजधानियाँ हैं। पहली राजधानी देहरादून है और गैरसैंण को अस्थायी राजधानी बनाया गया है। पहाड़ी क्षेत्र में राजधानी विकसित करने की लंबे समय से चल रही मांग के बाद गैरसैंण को दूसरी राजधानी का दर्जा दिया गया।
महाराष्ट्र – महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई है, जिसे मायानगरी के नाम से जाना जाता है। मुंबई के अलावा महाराष्ट्र की भी एक राजधानी है, जिसे शीतकालीन राजधानी बनाया गया है। महाराष्ट्र की दूसरी राजधानी नागपुर है।
देश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
लद्दाख – अनुच्छेद 370 के खत्म होने के बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया। इसके बाद लद्दाख की दो राजधानियां हो गईं, पहली राजधानी लेह और दूसरी कारगिल में स्थित है। इन राज्यों के अलावा कर्नाटक की भी दो राजधानियां मानी जाती हैं, पहली राजधानी बेंगलुरु है और बेलगाम को दूसरी राजधानी के रूप में जाना जाता है।