क्रिकेट पर फिर लगा मैच फिक्सिंग का दाग, असम के 4 खिलाड़ियों को किया गया सस्पेंड; जानें पूरा मामला

Assam Cricket Association ने चार खिलाड़ियों को सस्पेंड कर दिया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के दौरान कथित भ्रष्ट आचरण में शामिल होने के आरोपों के चलते निलंबित किया है।
क्रिकेट पर फिर लगा मैच फिक्सिंग का दाग, असम के 4 खिलाड़ियों को किया गया सस्पेंड; जानें पूरा मामला
असम के खिलाड़ी (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Assam Cricket Association suspended four players: असम क्रिकेट एसोसिएशन ने बड़ा कदम उठाते हुए अपने चार खिलाड़ियों को निलंबित कर दिया है। असम क्रिकेट संघ (एसीए) ने चार क्रिकेटरों अमित सिन्हा, इशान अहमद, अमन त्रिपाठी और अभिषेक ठाकुरी को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के दौरान कथित भ्रष्ट आचरण में शामिल होने के आरोपों के चलते निलंबित कर दिया है।

इन खिलाड़ियों ने अलग-अलग चरण पर असम का प्रतिनिधित्व किया है और उनके खिलाफ राज्य पुलिस की अपराध शाखा में एफआईआर दर्ज की गई है। इन पर असम के कुछ खिलाड़ियों को प्रभावित करने और उकसाने का प्रयास का आरोप लगाया गया है जिन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हिस्सा लिया था।

असम क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव ने क्या कहा?

असम क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) के सचिव सनातन दास ने बताया कि आरोप सामने आने के बाद बीसीसीआई की भ्रष्टाचार रोधी एवं सुरक्षा इकाई (ACSU) ने मामले की जांच की। इसके साथ ही एसीए ने भी आपराधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में गंभीर कदाचार के संकेत मिले हैं, जो खेल की निष्पक्षता और अखंडता को प्रभावित कर सकते हैं। असम के सैयद मुश्ताक अली लीग मैच 26 नवंबर से आठ दिसंबर तक लखनऊ में आयोजित हुए थे और वह वर्तमान में जारी सुपर लीग चरण में प्रवेश करने में असफल रहा। भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी रियान पराग भी इसी टीम से खेलते है।

कोई मैच नहीं खेल सकते हैं ये चार खिलाड़ी

दास ने कहा, ‘‘स्थिति के और अधिक बिगड़ने की किसी भी संभावना को रोकने के लिए उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन तब तक जारी रहेगा जब तक जांच का अंतिम परिणाम नहीं आ जाता या संघ द्वारा कोई और निर्णय नहीं लिया जाता।'' निलंबन अवधि के दौरान एसीए, उसकी जिला इकाइयों या संबद्ध क्लबों द्वारा आयोजित किसी भी राज्य-स्तरीय टूर्नामेंट या मैच में इन चारों खिलाड़ी को भाग लेने से रोक दिया गया है।

निलंबन के दौरान मैच रेफरी, कोच, अंपायर आदि के रूप में किसी भी क्रिकेट संबंधित गतिविधि में भाग लेना भी प्रतिबंधित है। दास ने कहा कि सभी जिला संघों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले क्लबों और अकादमियों को एसीए के निर्णय की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com