बारिश से खुशनुमा होगा दिल्ली का मौसम। (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Weather update: आज दिल्ली में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने मौसम पूर्वानुमान में बताया है कि दिल्ली में आसमान में बादल कड़केंगे और धूल भरी आंधी आएगी। इसके साथ ही बिजली कड़कने और अच्छी-खासी बारिश की भी संभावना है। आईएमडी ने सोमवार, 21 अप्रैल को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर में जोरदार बारिश का अनुमान
आईएमडी ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आज भी जोरदार बारिश होने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में बारिश की संभावना कमजोर पड़ गई है।
पूर्वी भारत के राज्यों में आकाश में बादल गरजेंगे, बिजली चमकेगी और धूल भरी आंधी आने की संभावना है। पूर्वी भारत के इन इलाकों में आंधी-पानी के कारण मौसम सुहावना होने की संभावना है। दक्षिण भारत में भी आज आंधी-बारिश की संभावना है।
उत्तर प्रदेश की बात करे तो यहां कई जिलों में धूल भरी आंधी के साथ 50 से लेकर 70 किलोमीटर तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। यूपी का तापमान 38 से लेकर 40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि पूर्वी यूपी में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
देश की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें…
पूर्वी और दक्षिणी बिहार के कई हिस्सों में बूंदाबांदी के आसार हैं। भागलपुर, गया और पटना जैसे जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, झारखंड की बात की जाए तो यहां जमशेदपुर और रांची सहित कई इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने झारखंड के कई हिस्सों में 50 किलोमीटर तक प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान लगाया है।
राजस्थान में लोग गर्मी से परेशान हैं। यहां कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप नजर आ रहा है। बीकानेर, बाड़मेर और जैसलमेर में आज अधिकतम तापमान बढ़कर 46 डिग्री सेल्सियस इतना अधिक पहुंच सकता है। कई इलाकों में लू जैसी स्थिति बनी हुई है, जो आगे भी जारी रहने की संभावना है। यहां न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। गुजरात की बात की जाए तो यहां मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया है। यहां सौराष्ट्र और कच्छ के इलाकों में तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।