Weather Alert: उत्तर से शीतलहर के रूप में चलेंगी ठंडी हवाएं, अधिकतर राज्यों में लुढ़केगा पारा

Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega: उत्तर भारत में मौसम का विपरीत असर दिख रहा है। अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर से ठंडी हवाएं शीतलहर के रूप में चलेंगी। इससे अधिकतर राज्यों में तापमान लुढ़केगा।
Cold winds will blow from the north in the form of a cold wave, causing temperatures to drop in most states
उत्तर भारत में छाया कोहरा।
Published on
Updated on

Weather Forecast: देश भर में अगले 2 दिन मौसम भारी रहेगा। खासकर पहाड़ों से गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते लद्दाख और कश्मीर के कुछ ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शीतलहर और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी है। हिमालयी क्षेत्रों से उत्तर भारत में प्रवेश कर रहीं पछुआ हवाओं के प्रभाव से दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज अधिकतर राज्यों में शीतलहर की स्थिति रहेगी। घना कोहरा छाएगा। उधर, केरल, तमिलनाडु के कुछ जिलों में बादल छाए रहने और भारी बारिश का पूर्वानुमान है। आईएमडी के मुताबिक पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर और दक्षिण के राज्यों के साथ महाराष्ट्र में भी ठंड में इजाफे के संकेत हैं।

यूपी में गलन वाली सर्दी बढ़ रही

उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों आए पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होते पछुआ हवाओं का असर बढ़ रहा है। इससे गलन वाली सर्दी बढ़ती जा रही है। राज्य के कुछ हिस्सों में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इससे दिन में भी कड़ाके की सर्दी का असर बना है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार तक न्यूनतम तापमान में और कमी आएगी। कोहरा जनजीवन को प्रभावित करेगा। बाराबंकी और हरदोई राज्य के सबसे से ठंडे शहर बने हुए हैं। यहां न्यूनतम पारा गिरकर 4 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही दिखी। वाराणसी में सर्द हवा के साथ कोहरे और हल्की बूंदों से सर्दी का सितम बढ़ गया है। अगले 2 दिन तक 15 जिलों में शीत दिवस और 50 जिलों में भीषण कोहरा छाने का अनुमान जताया गया है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में दिख रहा है। खासकर दिल्ली-एनसीआर में ठिठुरन भरी ठंड है। तापमान में गिरावट से रात में सर्द हवाओं का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा। मौसम विभाग ने घने कोहरे की संभावना जताई है। इस दौरान न्यूनतम 6 से 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री रह सकता है।

राजस्थान में शीतलहर जारी

राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर जारी है। अधिकतर जगहों पर घना कोहरा छाया नजर आएगा। आईएमडी ने बताया कि अगले 2 दिन शीतलहर के चलने से न्यूनतम तापमाम में कमी आएगी। घना कोहरा विजिबिलिटी को प्रभावित करेगा। इसका सीधा असर ट्रैफिक सिस्टम पर पड़ेगा। फिलहाल राज्य में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 2.6 डिग्री रहने का अनुमान है। अगले एक सप्ताह तक जयपुर, भरतपुर और बीकानेर के कुछ भागों में घने कोहरे के साथ न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की और गिरावट होने का अनुमान है।

पंजाब-हरियाणा का मौसम

पंजाब में पिछले दिनों हुई अच्छी खासी बारिश के बाद मौसम के तेवर बदल रहे हैं। पहाड़ों से आ रहीं सर्द हवाएं राज्य में कोल्ड डे जैसे हालात बना रही हैं। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9 डिग्री, फरीदकोट में 5.5 डिग्री, अमृतसर में 7 डिग्री, लुधियाना में 9 डिग्री, पटियाला में 8 डिग्री, पठानकोट में 9, बठिंडा में 8, गुरदासपुर में 7.8 और एसबीएस नगर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री या कम रहने का अनुमान है। वहीं, हरियाणा में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहने और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की भी संभावना है।

उत्तराखंड में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर खत्म हो गया है। आसमान साफ होते सर्दी का सितम बढ़ गया है। अधिकतर ऊंचाई वाले स्थानों केदारनाथ धाम के आसपास, यमुनोत्री समेत अन्य पर्वतीय हिस्सों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। 5 जनवरी तक हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, उत्तरकाशी, पौड़ी और अल्मोड़ा समेत कई जिलों में घना कोहरा छाने एवं शीतलहर में इजाफे के संकेत हैं।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में बादल छाए नजर आ रहे हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकांश पर्वतीय हिस्सों में बर्फबारी से मौसम सुहावना है। हिमपात के कारण कई स्थानों पर तापमान माइनस में दर्ज किया जा रहा। मैदानी इलाकों में पारा गिरने की संभावना है।

कश्मीर में सर्दी का सितम बढ़ा

कश्मीर में बारिश से राहत के बाद सर्दी का सितम बढ़ा है। घाटी में न्यूनतम तापमान गिरकर अधिकतर जगहों पर शून्य से नीचे है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0 से माइनस 2 डिग्री, गुलमर्ग में 0 से माइनस 6 डिग्री, पहलगाम में 0 से माइनस 5.5 डिग्री रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि चिल्ला-ए-कलां के कारण रात का तापमान अक्सर शून्य से कई डिग्री नीचे दर्ज होगा। पांच और छह जनवरी को ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी का अनुमान है।

Navbharat Live
navbharatlive.com