- Hindi News »
- India »
- Ayodhya Ram Temple Ram Lalla Pran Pratishtha
500 साल का इंतजार होगा खत्म, आज ‘रामलला’ आएंगे अयोध्या, पुष्पों एवं रोशनी से सजी नगरी
- Written By: शुभम सोनडवले

अयोध्या. राम मंदिर में आज होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के भव्य आयोजन के लिए अयोध्या नगरी सजकर तैयार है और इस बहु-प्रतीक्षित समारोह के धार्मिक अनुष्ठानों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। इस मंदिर को समारोह के अगले दिन ही आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा और एक बजे तक उसके पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद प्रधानमंत्री आयोजन स्थल पर संतों और प्रतिष्ठित हस्तियों समेत 7,000 से अधिक लोगों की सभा को संबोधित करेंगे।
रामलला की मूर्ति को 114 घड़ों के पवित्र जल से कार्य जाएगा स्नान
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार, रविवार को रामलला की मूर्ति को विभिन्न तीर्थ स्थलों से लाए गए ‘औषधियुक्त’ और पवित्र जल से भरे 114 घड़ों से स्नान कराया गया। ट्रस्ट के एक सदस्य ने कहा, “मूर्ति को आज ‘मध्याधिवास’ में रखा गया। ‘रात्रि जागरण अधिवास’ आज से शुरू होगा। राम लला की पुरानी मूर्ति की पूजा ‘यज्ञशाला’ में की जा रही है। चेन्नई और पुणे समेत कई स्थानों से आए फूलों से अनुष्ठान किए जा रहे हैं।” उन्होंने कहा, “आज, मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा अपने परिवार के साथ, विहिप प्रमुख आर. एन. सिंह और अन्य लोग अनुष्ठान कर रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा समारोह संबंधी अनुष्ठान 16 जनवरी को सरयू नदी से शुरू हुआ, जो सोमवार दोपहर ‘अभिजीत मुहूर्त’ में पूरा होगा।”
रविवार से ही पहुंच रहे हैं लोग
समारोह के लिए आमंत्रित कुछ लोग रविवार को अयोध्या पहुंच गए और अन्य लोगों के आज सुबह पहुंचने की उम्मीद है। ऐसी उम्मीद है कि लाखों लोग टेलीविजन और ऑनलाइन मंचों पर इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखेंगे। इसे देखते हुए केंद्र सरकार समेत कई राज्य सरकारों ने आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है। प्राधिकारियों ने भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में रविवार को समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इसके साथ ही देश और विदेश में इस अवसर पर विशेष उत्सव की घोषणा की गयी है।
सम्बंधित ख़बरें
पानी पर दौड़ेगी मेट्रो! देश के 18 शहरों के लिए मोदी सरकार ने बनाया बड़ा प्लान, ये शहर हैं शामिल
राम जी की बुआ कौन थीं? जानिए वो रहस्य जो रामायण में नहीं लिखा, लेकिन कहानियों में छुपा है
Gautam Adani: हनुमान जयंती पर अयोध्या पहुंचे गौतम अदाणी, परिवार संग रामलला का लिया आशीर्वाद
अयोध्या के राजघाट पर महायज्ञ के समापन पर भीषण आग, मची अफरा-तफरी, राहत बचाव कार्य जारी
दुनियाभर के विभिन्न हिस्सों में होंगे कार्यक्रम
वाशिंगटन डीसी से लेकर पेरिस और सिडनी तक दुनिया के विभिन्न हिस्सों में 22 जनवरी को कार्यक्रमों की घोषणा की गयी है। ये कार्यक्रम 60 देशों में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) या हिंदू प्रवासी समुदाय द्वारा आयोजित किए जा रहे हैं। अयोध्या को पुष्पों और रोशनी से सजाया गया है और रविवार को जगह-जगह लगाये गये लाउडस्पीकर पर ‘राम धुन’ बजाई गई। शहरवासी भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के रूप में तैयार होकर सड़कों पर निकले और उनके पीछे-पीछे मंत्रमुग्ध भक्त भी रैलियों में शामिल हुए। पुष्प पैटर्न और रोशनी से ‘जय श्री राम’ का चित्रण करने वाले औपचारिक द्वार शहर की आभा को बढ़ा रहे हैं। मैसूरु के मूर्तिकार अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई रामलला की 51 इंच की नयी मूर्ति को बृहस्पतिवार दोपहर को मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया।
14 दंपती ‘प्राण प्रतिष्ठा’ के लिए होंगे ‘यजमान’
‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के लिए भारत के विभिन्न हिस्सों से 14 दंपती ‘प्राण प्रतिष्ठा’ के लिए ‘यजमान’ होंगे। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि मंदिर में प्रवेश पूर्वी दिशा से होगा और निकासी दक्षिण दिशा से होगी। मंदिर की पूरी संरचना तीन मंजिला होगी। श्रद्धालुओं को मुख्य मंदिर तक पहुंचने के लिए पूर्वी दिशा से 32 सीढ़ियां चढ़नी होगी। पारंपरिक नागर शैली में बना मंदिर परिसर 380 फुट लंबा (पूर्व-पश्चिम दिशा), 250 फुट चौड़ा और 161 फुट ऊंचा होगा। मंदिर की प्रत्येक मंजिल 20 फुट ऊंची होगी और उसमें कुल 392 स्तंभ और 44 द्वार होंगे।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
उत्तर प्रदेश सरकार इस विशेष दिन की तैयारी के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है और शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। मंदिर नगरी के प्रत्येक मुख्य चौराहे पर कंटीले तारों वाले अवरोध लगाए गए हैं। भूकंप और बाढ़ जैसी घटनाओं के साथ ही रासायनिक, जैविक, रेडियोधर्मी और परमाणु हमलों से निपटने के लिए प्रशिक्षित राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) दलों को भी तैनात किया गया है। प्रशासन ने ठंड के प्रकोप के मद्देनजर किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए भी तैयारियां की हैं। अयोध्या और जिला अस्पतालों तथा यहां के मेडिकल कॉलेज में बिस्तरों को आरक्षित रखा गया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य देखभाल संस्थानों में चिकित्सकों को आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया है।
फूलों और विशेष रोशनी से सजाया गया है राम मंदिर
भव्य राम मंदिर को फूलों और विशेष रोशनी से सजाया गया है और पूरा शहर धार्मिंक रंग में सराबोर है या यूं कहें कि ‘अयोध्या राममय हो रही है”। यह मंदिर नगरी “शुभ घड़ी आयी”, “तैयार है अयोध्या धाम, विराजेंगे श्री राम”, “राम फिर लौटेंगे”, “अयोध्या में राम राज्य” जैसे नारों वाले पोस्टर और होर्डिंग से पटा हुआ है। राम मार्ग, सरयू नदी तट और लता मंगेशकर चौक जैसे अहम स्थानों पर रामायण के विभिन्न श्लोक वाले पोस्टर भी लगाए गए हैं। यहां विभिन्न स्थानों पर रामलीला, भगवत कथा, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सरयू नदी का तट भी सजा-धजा है, जहां हजारों लोग हर शाम को आरती के लिए उमड़ रहे हैं।
सरकारी कार्यालय 2:30 बजे तक रहेंगे बंद, कुछ राज्यों में छुट्टी की घोषणा
देशभर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, बीमा कंपनियां, वित्तीय संस्थान और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक भी 22 जनवरी को आधे दिन के लिए बंद रहेंगे। एनएसई और बीएसई स्टॉक एक्सचेंज ने भी इस दिन कारोबार न होने की घोषणा की है। अयोध्या में ‘प्राण प्रतिष्ठा’ से पहले करीब दो घंटे तक सुनायी देने वाली दिव्य ‘मंगल ध्वनि’ में देशभर के 50 पारंपरिक वाद्य यंत्रों का उपयोग किया जाएगा। अयोध्या के प्रसिद्ध कवि यतींद्र मिश्र द्वारा संचालित इस भव्य संगीतमय प्रस्तुति को नयी दिल्ली की संगीत नाटक अकादमी से सहयोग प्राप्त है। ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ के अनुसार, यह संगीत प्रस्तुति सुबह 10 बजे शुरू होगी।
इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से बांसुरी और ढोलक, कर्नाटक से वीणा, महाराष्ट्र से सुंदरी, पंजाब से अलगोजा, ओडिशा से मर्दला, मध्य प्रदेश से संतूर, मणिपुर से पुंग, असम से नगाड़ा और काली, छत्तीसगढ़ से तंबूरा, बिहार से पखावज, दिल्ली से शहनाई और राजस्थान से रावणहत्था बजाने वाले कलाकर शामिल होंगे। पश्चिम बंगाल के श्रीखोल और सरोद, आंध्र प्रदेश से घटम, झारखंड से सितार, तमिलनाडु से नादस्वरम और मृदंग तथा उत्तराखंड से हुड़का कलाकर भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
7,000 से अधिक लोग आमंत्रित
समारोह के लिए 7,000 से अधिक लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसमें राजकीय अतिथियों की सूची में प्रमुख राजनीतिक नेता, बड़े उद्योगपति, फिल्म अभिनेता, खिलाड़ी, नौकरशाह और राजनयिक शामिल हैं। ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह में भाग ले रहे लोगों में राम जन्मभूमि में मंदिर के लिए आंदोलन करने वाले लोग भी शामिल हैं। बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन, दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी और मशहूर खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर भी आमंत्रित अतिथियों की सूची में शामिल हैं। समारोह के लिए आमंत्रित किए गए विपक्ष के लगभग सभी नेताओं ने समारोह में भाग लेने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस ने इसे भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्यक्रम बताया है। कई ऐसे लोग भी हैं जो इस सूची में शामिल नहीं हैं लेकिन वे कड़ाके की ठंड के बीच अनूठे अंदाज में – पैदल, साइकिल चलाकर और स्केटिंग करके अयोध्या पहुंच रहे हैं।
समारोह के लिए विभिन्न स्थानों से उपहार
इस भव्य समारोह के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से उपहार भेजे जा रहे हैं जिनमें भगवान राम की तस्वीर वाली चूड़ियों से लेकर 56 किस्म के ‘पेठा’, 500 किलोग्राम का लोहे-कांसे का ‘नगाड़ा’ और अमरावती से आ रहा 500 किलोग्राम “कुमकुम” शामिल है। राम मंदिर प्रबंधन समिति को 108 फुट की अगरबत्ती, 2,100 किलोग्राम की घंटी, सोने की चप्पल, 10 फुट ऊंचा ताला और चाभी और आठवीं सदी का समय बताने वाली एक घड़ी समेत कई उपहार मिले हैं। नेपाल में सीता के जन्म स्थान जनकपुर से भी 3,000 से अधिक उपहार आए हैं। श्रीलंका का एक प्रतिनिधिमंडल रामायण में उल्लेखित अशोक वाटिका से एक विशेष उपहार लाया है।
श्रद्धालुओं के लिए भंडारे, लंगर की व्यवस्था
श्रद्धालुओं को भोजन कराने के लिए यहां भंडारे, लंगर आदि विभिन्न सामुदायिक रसोइयां चलाई जा रही हैं। ये सामुदायिक रसोई निहंग सिखों से लेकर इस्कॉन और देशभर के मंदिर न्यास से लेकर अयोध्या के स्थानीय लोगों द्वारा संचालित की जा रही हैं। उच्चतम न्यायालय ने नौ नवंबर 2019 को राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मुकदमे में निर्णय देते हुए विवादित स्थल पर मंदिर बनाने और मुस्लिमों को अयोध्या में किसी प्रमुख स्थान पर मस्जिद बनाने के लिए पांच एकड़ जमीन देने का आदेश दिया था। दिसंबर 1992 में कारसेवकों ने विवादित स्थल पर मौजूद बाबरी मस्जिद को ढहा दिया था। (एजेंसी)
Ayodhya ram temple ram lalla pran pratishtha
Get Latest Hindi News , Maharashtra News , Entertainment News , Election News , Business News , Tech , Auto , Career and Religion News only on Navbharatlive.com
Topics:
लेटेस्ट न्यूज़
ट्विशा शर्मा केस: सास गिरीबाला सिंह की अग्रिम जमानत पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई, SIT ने CBI को सौंपी केस डायरी
May 27, 2026 | 09:40 AMIS Linked Australians: ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों की सीरिया से वतन वापसी, सिडनी में लैंडिंग के साथ सुरक्षा सख्त
May 27, 2026 | 09:39 AMममता बनर्जी की बढ़ीं मुश्किलें! सिलीगुड़ी में शिकायत दर्ज, सनातन के खिलाफ की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
May 27, 2026 | 09:36 AMPurandar Airport: राज्य सरकार ने जारी किए 500 करोड़, प्रभावित किसानों को मिलेगा 2 करोड़ प्रति एकड़ तक मुआवजा
May 27, 2026 | 09:33 AMChand Mera Dil Collection Day 5: Ananya Panday और Lakshya स्टारर फिल्म की धीमी रफ्तार, जानें टोटल कलेक्शन
May 27, 2026 | 09:26 AMनागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर में जिंदगी की जंग लड़ रहा शेर, ‘भारत’ की लगातार निगरानी
May 27, 2026 | 09:21 AMबेंगलुरु में इबोला की दस्तक! युगांडा से भारत आई महिला में मिले संदिग्ध लक्षण, जांच के लिए पुणे भेजा गया सैंपल
May 27, 2026 | 09:21 AMवीडियो गैलरी

पेपर लीक के बाद छात्रों का तांडव! परीक्षा केंद्रों पर तोड़फोड़ और बवाल; जानें कहां-कहां रद्द हुआ SSC GD एग्जाम
May 26, 2026 | 11:00 PM
PM मोदी के माना करने के बाद भी इतना सोना क्यों खरीदने लगे भारतीय? VIDEO
May 26, 2026 | 07:53 PM
ओंकारेश्वर मंदिर में श्रद्धालु और मंदिर कर्मियों के बीच चले लाठी-डंडे, वीडियो वायरल होने के बाद बड़ा एक्शन
May 26, 2026 | 01:27 PM
अल्का लांबा बढ़ी मुश्किलें; 22 महीने पुराने केस में कोर्ट ने माना दोषी, 5 जून को होगी सजा, क्या था मामला?
May 26, 2026 | 01:10 PM
फिर बढ़े डीजल-पेट्रोल, क्या रोजमर्रा की चीजें भी होंगी महंगी? VIDEO
May 25, 2026 | 06:19 PM
सामूहिक विवाह के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा: 42 परिवारों से लाखों की ठगी, न आई दुल्हन, न मिले आयोजक
May 25, 2026 | 02:40 PM














