नागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर में जिंदगी की जंग लड़ रहा शेर, 'भारत' की लगातार निगरानी

Nagpur Wildlife Treatment: मुंबई के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान से इलाज के लिए नागपुर लाए गए नर शेर ‘भारत’ की हालत गंभीर बनी हुई है। गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर की विशेष टीम उसकी निगरानी में जुटी है।
Lion battling for its life at Nagpur's Gorewada Rescue Center; 'Bharat' under constant monitoring.
शेर भारत, गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर,(सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Wildlife Sanjay Gandhi National Park: नागपुर मुंबई के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान, बोरिवली से इलाज और चिकित्सीय देखभाल के लिए गोरेवाड़ा वन्यजीव बचाव केंद्र लाए गए 'भारत' नाम के नर शेर की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। वन विभाग ने इस बात की आधिकारिक जानकारी साझा की है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) व मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, महाराष्ट्र राज्य के आदेशानुसार इस शेर को 23 मई की रात करीब 9।30 बजे गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर लाया गया। बोरिवली की पशु चिकित्सकों की समिति की सिफारिश के बाद ही उसे आगे के इलाज के लिए नागपुर शिफ्ट करने का फैसला लिया गया था। गोरेवाड़ा प्रोजेक्ट के पशु चिकित्सकों की एक विशेष टीम लगातार 'भारत' की जांच और उसकी देखभाल में जुटी हुई है।

लकवा, संक्रमण का भी खतरा बढ़ा

शुरुआती जांच में पाया गया है कि शेर के दाएं और बाएं दोनों कूल्हों पर लंबे समय तक लेटे रहने के कारण गहरे 'बेड सोर्स' (घाव) हो गए हैं जिनसे लगातार रिसाव हो रहा है।

इसके अलावा उसके पेट के हिस्से के बाल काफी झड़ चुके हैं जिसे 'एलोपेसिया' कहा जाता है। वन अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार शेर 'भारत' लकवा से पीड़ित है जिसके कारण वह उठ नहीं पा रहा है और लगातार एक ही करवट लेटा रहता है।

वह इस समय अत्यधिक कमजोरी की स्थिति में है। गोरेवाड़ा के डॉक्टर पल-पल उसकी स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उसकी सेहत पर लगातार निगरानी रख रहे हैं और उसे बचाने के लिए हरसंभव चिकित्सीय उपाय किए जा रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com