Alka Lamba Convicted: महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा को अदालत से एक बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उन्हें करीब 22 महीने पुराने एक मामले में दोषी करार दिया है। यह पूरा मामला जुलाई 2024 का है, जब मानसून सत्र के दौरान अलका लांबा और महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण लागू करने और महिलाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। अलका लांबा का कहना है कि उस समय पुलिस ने राजनीतिक दबाव में आकर केवल उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उन्हें चार्जशीट किया।
कोर्ट के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वह इस सजा से डरने वाली नहीं हैं और महिलाओं के हक की लड़ाई के लिए हजारों बार जेल जाने को तैयार हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां बृजभूषण शरण सिंह जैसे गंभीर आरोपों से घिरे नेता बाहर घूम रहे हैं, वहीं शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। इस मामले में कोर्ट 5 जून को सजा का ऐलान कर सकता है।