

Bypoll Election Results 2025: बिहार चुनाव के साथ ही छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की आठ विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी हुए हैं। एक केंद्र शासित प्रदेश समेत कुल सात राज्यों की आठ विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज घोषित किए जाएंगे। जिन राज्यों की विधानसभा सीटों के लिए 11 नवंबर को वोटिंग हुई थी, उनमें बिहार के पड़ोसी राज्य झारखंड, पंजाब, राजस्थान, ओडिशा, तेलंगाना और मिजोरम की एक-एक विधानसभा सीट शामिल है।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की दो विधानसभा सीटों के लिए भी मतदान हुआ था। इन सभी सीटों के नतीजे थोड़ी देर में सामने आएंगे। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है। सबसे पहले पोस्टल बैलट गिने जा रहे हैं। इसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती होगी और फिर नतीजे आएंगे।
झारखंड की इस विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 74.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस सीट से पिछली बार रामदास सोरेन विजयी हुए थे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के रामदास सोरेन हेमंत सोरेन सरकार में शिक्षा मंत्री भी बने थे। उनके निधन के कारण घाटशिला सीट रिक्त हो गई थी।
पंजाब की तरनतारन सीट से आम आदमी पार्टी के कश्मीर सिंह सोहल विधायक बने थे। उनके निधन के चलते यह सीट खाली हो गई थी। 11 नवंबर को हुए उपचुनाव में इस सीट पर 60.95 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। इस सीट के नतीजे भी आज आने वाले हैं।
राजस्थान की अंता विधानसभा सीट से पिछले चुनाव में बीजेपी के कंवरलाल मीणा विजेता रहे थे। एसडीएम पर पिस्तौल तानने के आरोप में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें तीन साल की सजा मिली, जिससे उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई। इस सीट पर उपचुनाव में 80.32 प्रतिशत मतदान हुआ।
ओडिशा की नुआपाड़ा विधानसभा सीट से बीजेडी के राजेंद्र ढोलकिया विधायक बने थे। उनके निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई। इस उपचुनाव में 79.41 प्रतिशत वोट पड़े हैं।
तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट विधायक मगंती गोपीनाथ के निधन के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव में यहां 48.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह सीट इसलिए भी सुर्खियों में रही, क्योंकि चुनाव प्रचार के दौरान असदुद्दीन ओवैसी भी कांग्रेस के लिए वोट मांगते दिखाई दिए थे। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस के नवीन यादव आगे बताए जा रहे हैं।
मिजोरम की डम्पा विधानसभा सीट 21 जुलाई को एमएनएफ विधायक लालरिन्टलुआंगा सैलो के निधन के कारण रिक्त हो गई थी। यहां 82.34 प्रतिशत वोटिंग हुई।
जम्मू-कश्मीर चुनाव में उमर अब्दुल्ला ने दो सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों से जीत हासिल की थी। उन्होंने बड़गाम सीट छोड़ दी, जिसके परिणामस्वरूप यहां उपचुनाव हुआ। इस सीट पर 50.02 प्रतिशत मतदान हुआ।
नगरोटा विधानसभा सीट से बीजेपी को पिछली बार जीत मिली थी। विधायक के निधन के कारण यह सीट खाली हो गई और 11 नवंबर को यहां मतदान हुआ। नगरोटा में 75.08 प्रतिशत वोटिंग हुई। इस सीट के उपचुनाव के नतीजे भी आज घोषित किए जाएंगे।