FACT CHECK : अखिलेश का दो साल पुराना वीडियो, बिहार चुनाव का बताकर वायरल... जानिए इसका सच

सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव का एक पुराना वीडियो बिहार चुनाव से जोड़कर वायरल हो रहा है। जांच में पता चला कि यह क्लिप असल में अक्टूबर 2023 मध्य प्रदेश चुनाव के दौरान का है।
Fake Claim on Akhilesh yadav exposed in fact check
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (सोर्स - इंटरनेट)
Published on: 
Updated on: 

बिहार चुनाव खत्म होने के बाद अब सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अखिलेश यादव यह कहते हुए दिख रहे हैं कि “कांग्रेस के लोग तो बीजेपी से मिले हुए हैं।” कई यूजर्स इस क्लिप को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बिहार चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस से नाराज होकर उन्होंने यह बयान दिया है।

एक यूजर ने X वीडियो शेयर कर लिखा- बिहार चुनाव खत्म होते ही अखिलेश यादव का गुस्सा फूटा, अब कांग्रेस पर ठीकरा फोड़ते हुए बोले, “कांग्रेस के लोग तो बीजेपी से मिले हुए हैं।” जब हार तय हो गई, तो अब दूसरों पर आरोप लगाना आसान है। जनता सब समझ रही है अखिलेश जी। हार का ठीकरा अब किसी और के सिर नहीं फोड़ा जाएगा।

पोस्ट का लिंक...

अखिलेश यादव के वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।
अखिलेश यादव के वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।

वायरल वीडिया का सच...

वायरल दावे की जांच के लिए की गई पड़ताल में पता चला कि यह वीडियो नया नहीं है, बल्कि लगभग दो साल पुराना है। गूगल सर्च करने पर TV9 उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के यूट्यूब चैनल पर 19 अक्टूबर 2023 को पोस्ट किया गया वही वीडियो मिला, जिसका एक छोटा हिस्सा अब वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में अखिलेश यादव मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बात कर रहे थे। उस समय सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था और अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर नाराजगी जताई थी। इसी बयान को अब गलत तरीके से बिहार चुनाव से जोड़कर पेश किया जा रहा है।

TV9 के यूट्यूब चैनल पर मौजूद इस वीडियो के 41 सेकेंड पर वायरल वीडियो क्लिप देखा जा सकता है। वहीं, यह वीडियो भी चैनल पर 19 अक्टूबर 2023 को अपलोड हुआ था।

अखिलेश का यह बयान मध्यप्रदेश चुनाव के दौरान का है...

इसी तरह, भारत समाचार के यूट्यूब चैनल पर भी 19 अक्टूबर 2023 को अपलोड एक वीडियो में यह क्लिप मौजूद है। इसके अलावा एनडीटीवी की 20 अक्टूबर 2023 की खबर में भी साफ लिखा है कि अखिलेश यादव मध्य प्रदेश में कांग्रेस के रवैये से नाखुश थे, क्योंकि कांग्रेस ने सपा को एक भी सीट नहीं दी थी। सीतापुर में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर तीखा हमला किया था। यानी यह बयान बिहार चुनाव नहीं बल्कि मध्य प्रदेश चुनाव से जुड़ा है। साफ है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com