रवि किशन (Image- Social Media)
Ravi Kishan Net Worth: गोरखपुर लोकसभा सीट से सांसद और भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार रवि किशन आज यानी 17 जुलाई 2025 को अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। रवि किशन एक जबरदस्त एक्टर हैं, जो भोजपुरी सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपने अभिनय का जलवा दिखा चुके हैं।
रवि किशन का जन्म 1969 में मुंबई में हुआ था। उन्होंने बांद्रा वेस्ट, मुंबई स्थित रिजवी कॉलेज से केवल 12वीं तक की पढ़ाई की है। उनका परिवार उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के केराकत से ताल्लुक रखता है, जहां रवि किशन ने करीब 7 वर्षों तक समय बिताया था।
रवि किशन ने साल 1993 में प्रीति शुक्ला से शादी की थी। उनका एक बेटा और तीन बेटियां हैं। उनकी बेटी रीवा किशन ने वर्ष 2020 में फिल्म सब कुशल मंगल से बॉलीवुड में भी डेब्यू किया था। साल 2006 में रवि किशन ने टीवी के मशहूर रियलिटी शो बिग बॉस में भी हिस्सा लिया था।
रवि किशन का पूरा नाम रवि किशन शुक्ला है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1992 में रिलीज़ हुई फिल्म पीतांबर से की थी। हालांकि उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता भोजपुरी फिल्मों से हासिल हुई। उनकी फिल्म सइयां हमार, जो 2003 में आई थी, ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी।
इसके बाद रवि किशन भोजपुरी फिल्मों के चमकते सितारे बन गए। उन्होंने भोजपुरी और हिंदी के अलावा तेलुगू, तमिल और कन्नड़ भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया है। अपनी कड़ी मेहनत से आज वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं और करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं।
रवि किशन के चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके पास कुल 14.96 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनके नाम 20.70 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। इनमें से करीब 2.55 करोड़ रुपये की संपत्ति पुश्तैनी बताई गई है।
उनकी पत्नी प्रीति शुक्ला के पास 81.93 लाख रुपये की चल और अचल संपत्ति है, जिसमें अचल संपत्ति की कीमत लगभग 4.25 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, एक आश्रित के नाम 3.49 लाख रुपये की चल संपत्ति दर्ज है।
यह भी पढ़ें- पैसा बर्बाद! सुप्रीम कोर्ट में पहले बनी शीशे की दीवार…फिर हटाई, 2.68 CR स्वाहा