नींबू पानी (सौ. फ्रीपिक)
Navratri Vrat Health Tips: चैत्र नवरात्रि के पावन नौ दिनों में श्रद्धालु मां दुर्गा की भक्ति के साथ-साथ कठिन उपवास भी रखते हैं। व्रत के दौरान अक्सर शरीर में ऊर्जा की कमी और पोषण का असंतुलन देखने को मिलता है। भारी भोजन से परहेज के कारण शरीर को हल्का रखने की चुनौती होती है। ऐसे में नींबू पानी एक ऐसा प्राकृतिक और सुलभ विकल्प है जो न केवल आपकी प्यास बुझाता है बल्कि व्रत के दौरान होने वाली शारीरिक समस्याओं का रामबाण इलाज भी है।
घरेलू नुस्खों में नींबू पानी अत्यंत लाभकारी माना जाता है। नींबू विटामिन-सी, एंटीऑक्सीडेंट और साइट्रिक एसिड का भंडार है। सुबह खाली पेट एक गिलास गुनगुने पानी में ताजा नींबू निचोड़कर पीना शरीर के लिए किसी सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। यह न केवल संक्रमण से बचाता है बल्कि उपवास के दौरान होने वाली थकान और कमजोरी को भी कोसों दूर रखता है।
अक्सर देखा गया है कि व्रत के दौरान खान-पान में बदलाव की वजह से लोगों को पेट फूलना, गैस, अपच और कब्ज जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। गुनगुना नींबू पानी पीने से पाचन तंत्र सक्रिय हो जाता है। यह पेट की अम्लता को कम करता है और आंतों की सफाई में मदद करता है। इसके नियमित सेवन से लिवर डिटॉक्स होता है, जिससे शरीर में जमा हानिकारक टॉक्सिन्स बाहर निकल जाते हैं और आप पूरे दिन हल्का व ऊर्जावान महसूस करते हैं।
यह भी पढ़ें:- Navratri Day 3: मां चंद्रघंटा को बेहद प्रिय है यह खास रंग! तीसरे दिन पहनें इस रंग के कपड़े, बरसेगी असीम कृपा
कई बार व्रत में कुट्टू के आटे या तले हुए फलाहार के कारण वजन बढ़ने की शिकायत रहती है। नींबू पानी मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है जो फैट बर्न करने की प्रक्रिया को तेज कर देता है। साथ ही यह भूख को नियंत्रित करने में भी सहायक है। त्वचा के लिए भी यह किसी ब्यूटी ट्रीटमेंट से कम नहीं है। व्रत में पानी की कमी से त्वचा रूखी हो जाती है लेकिन नींबू में मौजूद विटामिन-सी मुहांसों और दाग-धब्बों को कम कर चेहरे पर प्राकृतिक चमक लाता है।
व्रत के दौरान आप इसे सुबह खाली पेट या दिन में 2-3 बार फलाहार के साथ ले सकते हैं। यह छोटा सा बदलाव आपकी नवरात्रि की साधना को सेहतमंद और सुखद बना देगा।