साबरमती स्टेशन का बदलेगा चेहरा, DRM ने बुलडोजर चलाकर शुरू किया 10 हजार क्षमता वाले होल्डिंग एरिया का काम
Railway Station Redevelopment: साबरमती रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 8000 वर्ग मीटर में दो मंजिला आधुनिक होल्डिंग एरिया का निर्माण शुरू। DRM वेद प्रकाश ने बुलडोजर चलाकर किया भूमि पूजन।
- Written By: सूर्यप्रकाश मिश्र | Edited By: गोरक्ष पोफली
कार्य के भूमि पूजन की फोटो (सोर्स: फाइल फोटो)
Sabarmati Railway Station Redevelopment: साबरमती रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन को अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में दो मंजिला अत्याधुनिक होल्डिंग एरिया के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने प्रतीकात्मक रूप से बुलडोजर चलाकर परियोजना कार्य का शुभारंभ किया।
76 स्थानों पर यात्री होल्डिंग एरिया
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा देश भर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 76 यात्री होल्डिंग एरिया विकसित करने की योजना को मंजूरी प्रदान की गई है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विकसित होल्डिंग एरिया की सफलता के पश्चात अब साबरमती स्टेशन पर भी यह आधुनिक सुविधा विकसित की जा रही है। यात्रियों की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन की दृष्टि से यहां दो मंजिला आधुनिक होल्डिंग एरिया का निर्माण किया जा रहा है।
डीआरएम वेद प्रकाश के अनुसार साबरमती स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं। इसी क्रम में स्टेशन परिसर में लगभग 8000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विशाल दो मंजिला होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक मंजिल 4000 वर्ग मीटर क्षेत्र में निर्मित होगी।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर: चलती अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाला युवक गिरफ्तार, सीट विवाद में फेंका था पत्थर
मध्य रेल के दो एथलीट कॉमन वेल्थ 2026 में खेलेंगे तेजस शिर्से और समरदीप गिल, भारतीय टीम में हुआ सलेक्शन
मुंबई: मध्य रेल के गैर-किराया आय में 16.78% की बढ़ोतरी होने से हुई 20.48 करोड़ की कमाई
Ahmedabad: ब्लड प्लाज्मा मिलावट रैकेट का भंडाफोड़, स्वास्थ्य मंत्री बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
उन्होंने बताया कि इस आधुनिक होल्डिंग एरिया में लगभग 8,000 से 10,000 यात्रियों को समायोजित करने की क्षमता होगी, जिससे होली पूर्व, दीपावली छठ, खाटूश्याम सहित धार्मिक स्थलों पर जाने वाले यात्रियों की भीड़भाड़ की स्थिति में यात्रियों के आवागमन एवं प्रबंधन को अधिक सुगम बनाया जा सकेगा। नवनिर्मित होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, जलपान केंद्र तथा पुरुषों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों के लिए पृथक शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह भी पढ़ें: सोमनाथ के आंगन में ‘अमृत महोत्सव’, प्रधानमंत्री मोदी ने किया कुंभाभिषेक …
नया फुट ओवरब्रिज और सुरक्षा तंत्र
यात्रियों की सुरक्षा एवं निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु स्टेशन पर अत्याधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। टिकट जांच मार्ग पर आधुनिक लगेज स्कैनर एवं प्रतिबंधित सामान की पहचान करने वाले विशेष उपकरण लगाए जाएंगे। साथ ही प्लेटफॉर्म एवं रूफ प्लाज़ा तक सुगम पहुंच के लिए पर्याप्त संख्या में एस्केलेटर, लिफ्ट एवं सीढ़ियों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त एक नए फुट ओवरब्रिज (FOB) का भी निर्माण किया जा रहा है, जिसकी कनेक्टिविटी सीधे होल्डिंग एरिया से रहेगी।
इस अवसर पर मुख्य परियोजना प्रबंधक (RLDA) संजीव कुमार, डीजीएम (RLDA) अर्पण अवस्थी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अन्नू त्यागी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) वैभव सकलेचा, वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त अंशुमान त्रिपाठी सहित रेलवे एवं RLDA के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
