रजनीकांत की 'थलाइवर 173' से निर्देशक सुंदर सी. ने लिया नाम वापस, फैंस को लगा बड़ा झटका

Thalaivar 173 Movie: सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘थलाइवर 173’ पर बड़ा झटका लगा है। निर्देशक सुंदर सी. ने अनिवार्य परिस्थितियों के चलते इस मेगा प्रोजेक्ट से खुद को अलग कर लिया है।
rajinikanth and sudarshan c
रजनीकांत, सुंदर सी (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rajinikanth New Movie: तमिल सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रजनीकांत की अगली फिल्म थलाइवर 173 पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। यह फिल्म अभिनेता कमल हासन की प्रोडक्शन कंपनी राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल के बैनर तले बनाई जा रही है, जिसे अब तक का सबसे बड़ा सिनेमाई प्रोजेक्ट माना जा रहा था। लेकिन अब इस फिल्म से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है कि फिल्म के निर्देशक सुंदर सी. ने अचानक इस प्रोजेक्ट से खुद को अलग कर लिया है।

दरअसल, गुरुवार को सुंदर सी. ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि थलाइवर 173 से उनका पीछे हटने का फैसला आसान नहीं था, लेकिन यह "अनिवार्य परिस्थितियों" के चलते लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी विवाद या मतभेद के कारण नहीं, बल्कि व्यक्तिगत और पेशेवर कारणों से किया गया निर्णय है।

सुंदर सी. ने पोस्ट शेयर कर किया ये ऐलान

इसके साथ ही सुंदर सी. ने अपने बयान में आगे लिखा कि “रजनीकांत सर के साथ काम करना मेरे करियर का सपना था, लेकिन जिंदगी में कई बार हालात हमें अपने सपनों से भी बड़ा निर्णय लेने पर मजबूर कर देते हैं। यह फिल्म मेरे दिल के बहुत करीब थी, लेकिन मुझे कुछ ऐसी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देनी पड़ी, जिन्हें मैं नज़रअंदाज़ नहीं कर सकता था।”

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें इस फिल्म से जो अनुभव मिला, वह उनके करियर का एक अनमोल हिस्सा रहेगा। साथ ही उन्होंने रजनीकांत और कमल हासन दोनों के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए कहा—“उन दोनों से जो सीखने को मिला, वह हमेशा मेरे साथ रहेगा। मैं भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन में बेहतरीन सिनेमा बनाना चाहता हूं।”

एक्टर ने फैंस से मांगी माफी

सुंदर सी. ने अपने प्रशंसकों से माफी मांगते हुए कहा कि अगर इस खबर से कोई निराश हुआ है, तो उन्हें खेद है। उन्होंने यह भी वादा किया कि जल्द ही वे एक नई और मनोरंजक फिल्म के साथ वापसी करेंगे। इस घोषणा के बाद अब तमिल फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का विषय यह है कि थलाइवर 173 का निर्देशन अब कौन करेगा। हालांकि, रजनीकांत और कमल हासन दोनों इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए नए निर्देशक की तलाश में हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com