

Ranbir Kapoor Secret Instagram: बॉलीवुड के चार्मिंग एक्टर रणबीर कपूर अपनी एक्टिंग और पर्सनैलिटी से जितने पॉपुलर हैं, उतना ही वो सोशल मीडिया से दूरी बनाकर भी चर्चा में रहते हैं। हालांकि अब एक्टर ने खुद एक ऐसा राज खोला है, जिसने उनके फैंस को हैरान कर दिया है। दरअसल, रणबीर कपूर ने पहली बार खुलासा किया है कि भले ही उनका कोई ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट न हो, लेकिन उनके पास एक सीक्रेट इंस्टाग्राम अकाउंट जरूर है।
हाल ही में दुबई में एक इवेंट के दौरान रणबीर कपूर और आलिया भट्ट साथ पहुंचे थे। इस मौके पर हुए Q&A सेशन के दौरान जब रणबीर से पूछा गया कि वो किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर क्यों नहीं हैं, तो एक्टर ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “असल में मेरा एक प्राइवेट इंस्टाग्राम अकाउंट है। मैं वहां सिर्फ बेहतरीन लोगों को देखता हूं और उन्हें फॉलो करता हूं। लेकिन मैं आधिकारिक तौर पर सोशल मीडिया पर नहीं आना चाहता क्योंकि मुझे अपनी फिल्मों के जरिए खुद को एक्सप्रेस करना ज्यादा पसंद है।”
हालांकि, उनके इस खुलासे ने फैंस को चौंका दिया है। इसी दौरान मंच पर मौजूद आलिया भट्ट ने भी एक दिलचस्प बात शेयर की है। उन्होंने बताया कि रणबीर के उस सीक्रेट अकाउंट पर राहा कपूर के दो प्यारे वीडियो हैं। इन वीडियोज में रणबीर अपनी बेटी के साथ खेलते और मस्ती करते दिखते हैं।
इसके अलावा खास बात ये है कि जब आलिया भट्ट से पूछा गया कि क्या वो रणबीर का वो अकाउंट फॉलो करती हैं, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, “नहीं, रणबीर मुझे फॉलो करने नहीं देते।” इस पर रणबीर ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि “अगर आलिया मुझे फॉलो कर लेगी तो सबको पता चल जाएगा कि ये मेरा अकाउंट है। इसलिए मेरे ज़ीरो फॉलोवर्स हैं और मैं ये वीडियो उसे सीधे दिखा देता हूं।”
फिलहाल अब रणबीर कपूर के इस खुलासे ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। फैंस अब अंदाजा लगाने में जुट गए हैं कि आखिर रणबीर का वो सीक्रेट इंस्टाग्राम अकाउंट कौन सा है और उसमें क्या कुछ छिपा है।