Exclusive Interview: बीजेपी से सावधान रहना जरूरी, नवभारत से बोले सपा सांसद रामभुआल निषाद

नवभारत ने सांसद निषाद से महाराष्ट्र के चुनावी परिदृश्य पर चर्चा की। इस दौरान रामभुआल ने समाजवादी पार्टी पर लगने वाले तुष्टिकरण के आरोपों और बंटेंगे तो कटेंगे सहित तमाम मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी।
Exclusive Interview: बीजेपी से सावधान रहना जरूरी, नवभारत से बोले सपा सांसद रामभुआल निषाद
नवभारत के सवालों का जवाब देते सपा सांसद रामभुआल निषाद
Published on
Updated on

नवभारत डेस्क: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच उत्तर प्रदेश की सुलतानपुर लोकसभा चुनाव क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद राम भुआल निषाद मुंबई दौरे पर आए हैं। मूलरूप से गोरखपुर जिले के निवासी रामभुआल इससे पहले बीजेपी, सपा, बसपा की सरकारों में मंत्री रह चुके हैं। इसी साल मई जून महीने में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में रामभुआल ने बीजेपी की कद्दावर पूर्व मंत्री मेनका गांधी को हराकर पहली बार सुल्तानपुर में सपा का खाता खोला और खुद भी पहली बार संसद भवन पहुंचे हैं।

मुंबई में नवभारत के पत्रकार जितेंद्र मल्लाह ने सांसद निषाद से महाराष्ट्र के चुनावी परिदृश्य पर चर्चा की। इस दौरान रामभुआल ने अपनी मुंबई यात्रा के प्रयोजन, समाजवादी पार्टी पर लगने वाले तुष्टिकरण के आरोपों और बंटेंगे तो कटेंगे सहित तमाम मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी।

आगे पढ़िए नवभारत के सवाल और समाजवादी पार्टी के सांसद रामभुआल निषाद।

सवाल- आपके मुंबई आने का प्रयोजन क्या है?

जवाब- समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी मुंबई की मानखुर्द शिवाजी नगर विधानसभा सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। हम अपने साथी अबू आसिम आजमी के चुनाव प्रचार के सिलसिले में मुंबई आए हैं। हम अपने निर्वाचन क्षेत्र सुल्तानपुर और गृह जिले गोरखपुर सहित महाराष्ट्र के नेताओं से अपील करने आए हैं कि वह चुनाव में मानखुर्द में साइकिल का बटन दबाकर अबू आसिम आजमी को भारी मतो से विजयी बनाएं। इसी तरह मुंबई और महाराष्ट्र की दूसरी सीटों पर विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाडी के उम्मीदवारों को अपना समर्थन दें।

सवाल- चुनाव प्रचार के लिए आप क्या मुद्दे लेकर जनता के बीच जा रहे हैं?

जवाब- यहां बीजेपी सरकार है। वह दावा करती है कि डबल इंजन की सरकार से तेज गति वे विकास हो है। लेकिन जिस रफ्तार से राज्य का विकास होना चाहिए, लोगों को सुविधाएं मिलनी चाहिए, वह बीजेपी नहीं कर पाई है। ये लोग विधायकों को तोड़कर, किसी की बहुमत की सरकार को जोड़-तोड़कर अपनी सरकार बनाने का काम पूरे देश में कर रहे हैं।

हम लोगों को यही कह रहे हैं कि आप लोग जिन सरकारों को पांच साल के लिए चुनते हैं, उसे ये लोग साजिश करके गिरा देते हैं। इसलिए बीजेपी और उसके गठबंधन से सावधान रहना जरूरी है। बीजेपी की शह पर अजित पवार अपने चाचा की पीठ में चाकू घोंपे हैं।

शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे ने ठाकरे परिवार की पीठ में चाकू घोंपा है। ऐसे लोगों से सावधान रहना जरूरी है। जनता के विकास से इनको कोई मतलब नहीं है। सत्ता में बने रहना ही इनका एजेंडा है। यही हम जनता को बता रहे हैं।

सवाल- चुनावी माहौल देखकर आपको क्या लग रहा है?

जवाब- माहौल विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाडी के पक्ष में है। राज्य में सत्ता परिवर्तन होना तय है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी।

सवाल- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक नारा दिया था, 'बंटेंगे तो कटेंगे'। प्रधानमंत्री मोदी ने इसमें सुधार करके 'एक रहेंगे, सेफ रहेंगे' बना दिया। आप इसे कैसे देखते हैं?

जवाब- बांटने का काम भी बीजेपी करती है और काटने का काम भी बीजेपी करती है। बीजेपी जो कहती है, वह करती नहीं है। बीजेपी ने सबका साथ, सबका विकास का नारा दिया था, तो उस पर काम क्यों नहीं कर रहे हैं, दो करोड़ रोजगार देने का वादा प्रधानमंत्री मोदी ने किया था। इसका आंकड़ा क्यों नहीं बताते कि कितने लोगों को रोजगार दिया है? बस, चुनाव में नया-नया जुमला लाते हैं।

बंटेंगे तो कटेंगे कहने वाले बताएं कि उनकी इस राजनीति के कारण कितने लोगों का कत्ल हुआ है? 'बंटेंगे तो कटेंगे' तथ्यहीन बात है। इससे देश का विकास नहीं होगा, बेरोजगारी दूर नहीं होगी। महंगाई कम नहीं होगी। केंद्र की सत्ता में बैठे 10 साल हो गए हैं।

बीजेपी के लोग 'मन की बात' करते हैं लेकिन 'काम की बात' कब करेंगे? मैं गोरखपुर का ही निवासी हूं। मुख्यमंत्री योगी भी वहीं से हैं। उन्होंने गोरखपुर में मेट्रो शुरू करने की बात कही थी। आज तक एक ईंट भी नहीं रखी गई है। जो बात कहते हैं, बाद में भूल जाते हैं।

सवाल- सपा पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगता है?

जवाब- तुष्टिकरण का आरोप बेबुनियाद है। सपा को बेवजह बदनाम किया जाता है। तुष्टिकरण खुद बीजेपी ही करती है। यूपी के सभी थानों पर आप देख लें। एक ही जाति के लोगों का कब्जा है। सपा समानता की बात करती है।

सवाल- यूजीसी का आप लोग विरोध करते हैं। जो कानून सभी के लिए बनेगा उससे अल्पसंख्यक समाज को खतरा कैसे हो सकता है?

जवाब- ये लोग उसकी आड़ में कानून का दुरुपयोग करेंगे। अल्पसंख्यक समाज को बेवजह निशाना बनाया जाएगा। बीजेपी के कार्य में स्पष्टता नहीं है। यह लोग खुद ही भ्रमित रहते हैं।

सवाल- टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेस की एक रिपोर्ट आई है, जिसमें दावा किया गया है कि मुंबई सहित पूरे देश में बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों की घुसपैठ बढ़ी है। इसकी वजह से कई इलाकों में डेमोग्राफी बदल रही है

जवाब- सब झूठ है। इन लोगों को झूठ ही बोलना है। इसलिए नया, नया कुछ न कुछ लाते रहते हैं। घुसपैठ हो रही है तो केंद्र सरकार और उसकी एजेंसियां क्या कर रही हैं।

सवाल- आप वोटरों को क्या संदेश देना चाहेंगे?

जवाब- बीजेपी गठबंधन से सावधान रहें। आपके बच्चों का भविष्य अधर में है। पढ़ने लिखने के बाद उन्हें नौकरी नहीं मिलेगी। केंद्र की सरकार हो या यूपी और महाराष्ट्र की सरकार, रोजगार निर्मिति के लिए कोई कुछ नहीं कर रहा है। अजीत पवार पर हजारों करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर बाद में उन्हें सत्ता में साझीदार बना लिया गया। ये बीजेपी के दोहरे चरित्र को दर्शाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com