Ranji Trophy Final: मयंक अग्रवाल के शतक से संभली कर्नाटक, आकिब नबी की धारदार गेंदबाजी से जम्मू-कश्मीर मजबूत

Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने आकिब नबी की धारदार गेंदबाजी से कर्नाटक के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त किया। मयंक अग्रवाल नाबाद रहे, टीम ने पहली पारी में 584 रन बनाए।
Karnataka vs Jammu and Kashmir, Ranji Trophy Final
संजू सैमसन और मयंक अग्रवाल (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Karnataka vs Jammu and Kashmir: बीसीसीआई द्वारा आयोजित रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम ने अपनी पकड़ बना ली है। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने शानदार गेंदबाजी के बदौलत कर्नाटक के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक कर्नाटक ने 5 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर कर्नाटक की टीम 364 रन पीछे है।

तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक मयंक अग्रवाल 130 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं मयंक अग्रवाल को विकेटकीपर कृतिक कृष्णा का साथ मिला। कृतिक ने नाबाद 27 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। आकिब नबी ने 14 ओवर में केवल 32 रन खर्च करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उन्होंने पहले ही सत्र में भारत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लोकेश राहुल (13) को जल्दी आउट करके कर्नाटक को बड़ा झटका दिया।

नबी ने इन बल्लेबाजों को किया चलता

नबी की गेंदबाजी में देर से मिलने वाली मूवमेंट ने राहुल को पूरी तरह चौंका दिया। इसके बाद नबी ने करुण नायर (0) को बोल्ड और स्मरण रविचंद्रन (0) को विकेटकीपर के हाथों कैच कराकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जम्मू-कश्मीर के अन्य गेंदबाजों में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुनील कुमार ने कर्नाटक के कप्तान देवदत्त पडिक्कल (11) को आउट किया।

पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी

इसके बावजूद अग्रवाल ने कुछ शानदार शॉट खेलते हुए पांचवें विकेट के लिए श्रेयस गोपाल (27) के साथ 105 रन की साझेदारी की। हालांकि, युद्धवीर सिंह ने गोपाल को पगबाधा कराकर यह साझेदारी तोड़ दी। अग्रवाल और कृतिक कृष्णा ने छठे विकेट के लिए 58 रन जोड़कर पारी को संभाला।

जम्मू-कश्मीर के पारी का हाल

जम्मू-कश्मीर ने इससे पहले शुभम पुंडीर के शतक (121) और यावर हसन (88), कप्तान पारस डोगरा (70), अब्दुल समद (61), कन्हैया वधावन (70) और साहिल लोत्रा (72) के अर्धशतकों की मदद से पहली पारी में विशाल स्कोर बनाया था। कर्नाटक की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा ने 34.1 ओवर में 98 रन देकर पांच विकेट चटकाए।

जम्मू-कश्मीर ने तीसरे दिन छह विकेट पर 527 रन से खेल की शुरुआत की, जिसमें लोत्रा और आबिद मुश्ताक ने पारी को आगे बढ़ाया। जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। कर्नाटक के खिलाफ 2022 के बाद पहली बार किसी टीम ने 500 रनों का आंकड़ा पार किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com