शादी से पहले अर्जुन तेंदुलकर का विराट अवतार, वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर मचाया तहलका, विरोधी हुए पस्त

IPL 2026: सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर शादी की खबरों के बीच चर्चा में हैं। जामनगर में प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन के बाद उन्होंने मैदान पर वापसी करते हुए सूर्यवंशी संग शानदार बल्लेबाजी की।
शादी से पहले अर्जुन तेंदुलकर का विराट अवतार, वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर मचाया तहलका, विरोधी हुए पस्त
अर्जुन तेंदुलकर (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Arjun Tendulkar News: अर्जुन तेंदुलकर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और क्रिकेट दोनों को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। एक ओर जहां वह जल्द ही अपनी गर्लफ्रेंड सानिया चंडोक के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं, वहीं दूसरी ओर मैदान पर भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर अपनी फॉर्म में वापसी के संकेत दे दिए हैं। हाल ही में दोनों परिवारों ने अंबानी परिवार के साथ जामनगर स्थित फार्महाउस में प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन भी किया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहीं।

प्री-वेडिंग के बाद मैदान पर दिखा दम

प्री-वेडिंग समारोह के तुरंत बाद अर्जुन तेंदुलकर आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुट गए और डीवाई पाटिल टी-20 कप 2026 में हिस्सा लेने पहुंचे। इस टूर्नामेंट में उन्होंने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ी डीवाई पाटिल ब्लू टीम की ओर से खेल रहे हैं और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींच रहे हैं।

फॉर्म में की अर्जुन तेंदुलकर ने वापसी

25 फरवरी को डीवाई पाटिल ब्लू टीम का मुकाबला इंडियन नेवी टीम से हुआ, जिसमें अर्जुन और वैभव सूर्यवंशी ने मिलकर रनों की बरसात कर दी। दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 48 गेंदों में 118 रन जोड़कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों में 63 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 331.58 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 7 चौके और 5 छक्के लगाए। वहीं नंबर सात पर बल्लेबाजी करने उतरे अर्जुन तेंदुलकर ने 29 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए। उन्होंने 189.66 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 7 चौके और 2 लंबे छक्के जड़े। अर्जुन ने आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई और मैच को शानदार अंदाज में खत्म किया।

गेंदबाजी में भी दिखाया कमाल

अर्जुन तेंदुलकर ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं बल्कि गेंद से भी प्रभाव छोड़ा। उन्होंने मुकाबले में एक महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया, जिससे टीम की जीत आसान हुई। ऑलराउंड प्रदर्शन के कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी दिया गया।

जल्द शादी करेंगे जूनियर तेंदुलकर

आईपीएल 2026 से पहले अर्जुन तेंदुलकर अपनी मंगेतर सानिया चंडोक के साथ शादी करने वाले हैं। शादी के बाद वह आईपीएल के 19वें सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। मुंबई इंडियंस ने इस सीजन से पहले उन्हें ट्रेड कर लखनऊ टीम में शामिल किया था। ऐसे में अर्जुन के सामने खुद को साबित करने और प्लेइंग इलेवन में स्थायी जगह बनाने की बड़ी चुनौती होगी। उनके हालिया प्रदर्शन ने जरूर संकेत दे दिए हैं कि वह आने वाले सीजन में दमदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com